वार्ड 33 में पानी की पाइप लाइन तोड़ने से स्थानीय लोगों को हो रही समस्या

डीएमसी की चेयरपर्सन ने समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
वार्ड 33 में पानी की पाइप लाइन तोड़ने से स्थानीय लोगों को हो रही समस्या
Published on

दुर्गापुर : दुर्गापुर वार्ड 33 के अंसारी पाड़ा में पानी की पाइप लाइन तोड़ देने से स्थानीय लोगों को समस्या हो रही है। इसके विरोध में स्थानीय महिलाओं ने आंदोलन की धमकी दी एवं नगर निगम के चेयरपर्सन अनिंदिता मुखर्जी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद निगम की चेयरपर्सन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया। इस संदर्भ में स्थानीय मामोनी मंडल, लक्ष्मी राम और मोदीना बीबी ने बताया कि इलाके में पानी की समस्या है। वहीं समस्या के समाधान हेतु स्थानीय गरीब महिलाओं ने आपस में चंदा इकट्ठा कर पानी के कनेक्शन संबंधित सामग्री की खरीदारी की थी। इसके लिए पाइप भी खरीदी गयी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रविवार की रात कुछ स्थानीय युवकों ने पानी की पाइप लाइन उखाड़ कर फेंक दिया। इसका गहरा प्रभाव आसपास रहने वाले लगभग 25 परिवार के लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में पानी की समस्या को लेकर नगर निगम से शिकायत की गई थी। बावजूद इसके पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया। इस कारण स्थानीय लोगों ने आपस में चंदा इकट्ठा कर पानी का कनेक्शन लिया था। उन्होंने कहा कि पानी की पाइप लाइन तोड़ने की जांच होनी चाहिए। अंसारी पाड़ा के लोगों को दूर से पानी लाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। दुर्गापुर नगर निगम की चेयरपर्सन अनिंदिता मुखर्जी ने कहा कि वार्ड 33 में डीएसपी की जमीन है। डीएसपी की जमीन पर निगम द्वारा पानी सप्लाई करने में समस्या है। बावजूद इसके मामले की जांच के साथ समस्या का समाधान किया जाएगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in