गोली मारकर व्यवसायी की हत्या से सनसनी

मृतक नमाज पढ़ने जा रहा था/घटनास्थल से एक पिस्तौल बरामद/करीम डंगाल इलाके के लोगों में डर का माहौल
गोली मारकर व्यवसायी की हत्या से सनसनी
Published on

बर्नपुर : हीरापुर थाना इलाके के करीम डंगाल मस्जिद के पास शनिवार सुबह 5.30 से 5.45 के बीच अपराधी ने शूटआउट की घटना को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार अज्ञात बाइक पर सवार हथियार से लैस अपराधी ने नमाज पढ़ने जा रहे ग्रिल एवं हार्डवेयर दुकानदार मोहम्मद शरफूद्दीन पर फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने शरफूद्दीन को नीचे गिरा देख इसकी सूचना उसके घर वालों को दी। मृतक के परिवार एवं आसपास के लोगों ने हीरापुर थाना को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्तौल भी बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही ACP इप्शिता दत्ता के नेतृत्व में पहुंची हीरापुर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल की निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से पूछताछ कर घटना की जांच में जुट गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर अपराधी का पता लगाने की कोशिश कर रही थी। वहीं इस घटना में पूछताछ के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया। इस मौके पर CI अशोक सिन्हा महापात्रा, हीरापुर OC तन्मय रॉय, SI अंजन मंडल, शुभाशीष बनर्जी, संतोष कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

क्या है पूरी घटना

करीम डंगाल मदरसा के सचिव नवी अहमद खान, स्थानीय निवासी मुबारक खान, स्थानीय पार्षद राकेश शर्मा एवं मृतक के भाई मोहम्मद जैनुल ने बताया कि सरफुद्दीन का ग्रिल एवं हार्डवेयर की दुकान है और इस इलाके में किसी से उसकी दुश्मनी भी नहीं थी। इसके बावजूद शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति बाइक से आया और उसे गोली मार दी। लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि सरफुद्दीन का किसी से कोई विवाद नहीं था, फिर उस पर गोली क्यों चलाई गई। वहीं लोगों में इस घटना से डर का माहौल बना हुआ है। उनका आरोप है कि इस तरह नमाज पढ़ने के दौरान कोई भी अज्ञात व्यक्ति आकर फायरिंग कर किसी को भी मौत के घाट उतार सकता है। पुलिस को पूरी घटना की जांच कर कार्रवाई करते हुये अपराधी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

संपत्ति विवाद में हुई है हत्या - DCP (West)

आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट पुलिस ने शूटआउट की इस घटना को 12 घंटे के अंदर सुलझाने का दावा किया है। इस संबंध में DCP (West) ने शनिवार शाम हीरापुर थाना में शूटआउट की घटना को लेकर संवाददाता सम्मेलन किया। मौके पर DCP (West) मोहम्मद शना अख्तर ने बताया कि मोहम्मद शरफुद्दीन का उनके बड़े भाई के साथ एक दुकान को लेकर विवाद चल रहा था और इसी विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि करीम डंगाल मस्जिद के पास उनके बड़े भाई के दो बेटों मोहम्मद सलाम और सद्दाम ने उनका पीछा किया। प्राथमिक जांच में समझा जा रहा है कि उन्हें गोली मारी गई है। वहीं पुलिस ने मोहम्मद सलाम और सद्दाम को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। साथ ही इस घटना में एक और व्यक्ति रविंद्र सिंह के संलिप्त रहने की बात सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए पूछताछ की जायेगी और इस घटना में और कौन-कौन शामिल हैं, इसका पता लगाया जायेगा। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गयी है। साथ ही फॉरेंसिक विभाग को जांच के लिए बोला गया है। इस मौके पर ACP इप्शिता दत्ता, CI अशोक सिन्हा महापात्रा, हीरापुर OC तन्मय रॉय, एसआई अंजन मंडल, शुभाशीष बनर्जी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in