एसडीएम ने समन्वय बैठक में दिए कई अहम निर्देश

चुनाव को देखते हुये नाका चेकिंग पर जोर देने का निर्देश
एसडीएम ने समन्वय बैठक में दिए कई अहम निर्देश
Published on

आसनसोल : चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों की विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का चुनाव 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव- 2026 के संबंध में एसडीएम कार्यालय में एक प्रशासनिक समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नामांकन, आदर्श आचार संहिता, बैठकों की अनुमति, नाका चेकिंग, पुलिस बल की तैनाती और सेक्टरों में आवाजाही से संबंधित मुद्दों पर पर चर्चा की गई। मौके पर एसडीएम विश्वजीत भट्टाचार्य ने मौजूद सभी लोगों को बताया कि उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करते समय केवल सीमित वाहनों और व्यक्तियों के साथ आने की अनुमति है। सत्ताधारी दल, उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के लिए आचार संहिता लागू है, जिसमें सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग रोकने पर जोर है। साथ ही जनसभाओं, बैठकों और शोभायात्राओं के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन से पूर्व अनुमति आवश्यक है। जिला सीमाओं पर अवैध शराब, नकद और हथियार की तस्करी रोकने के लिए नाका चेकिंग और वाहनों की सघन तलाशी करने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर केंद्रीय बलों और स्थानीय पुलिस की कड़ी तैनाती की जायेगी, साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार अपने आवंटित सेक्टरों में गश्त करेंगे ताकि शांतिपूर्ण मतदान और आदर्श आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित किया जा सके। इस मौके पर एसीपी सेंट्रल-1 अब्दुल गफ्फार, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मिर्धा, एसीपी हीरापुर मिहिर कुमार दे, एसीपी कुल्टी जावेद हुसेन, आसनसोल साउथ थाना प्रभारी विश्वजीत हलदर, हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह, जामुड़िया थाना प्रभारी एसएस ठाकुर, आसनसोल नॉर्थ थाना प्रभारी सौमेन बनर्जी, बाराबनी थाना प्रभारी दिब्येंदु मुखर्जी सहित 9 थाना के ओसी एवं आईसी, 5 विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी और 4 बीडीओ मौजूद थे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in