

पुरुलिया : बंगाल में औद्योगिक विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध हो कर कार्य कर रही है। इसके लिए राज्य में तालाबंदी की राजनीति पूरी तरह से बंद कर दी गयी है। उक्त बातें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कही। वे जिला के रघुनाथपुर के दुरमुट में अमित मेटालिक्स के 4000 हजार करोड़ रुपये से बनने जा रही अमित मेटालिक्स ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट की आधारशिला रखने के मौके पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने नए इस्पात कारखाने का भूमि-पूजन कर कारखाना प्रबंधन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बता दें कि इस कारखाने में उत्पादन चालू हो जाने से लगभग 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लोगों को संबोधित करते वाम मोर्चा की सरकार एवं तृणमूल कांग्रेस की सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में 34 साल लोगों ने बंद की राजनीति देखी। उसके बाद 15 साल वाली सरकार ने कह दिया कि वह जमीन नहीं देगी। उद्योगपति स्वयं जमीन खरीदें पर भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनते ही इस नीति पर विराम लगा दिया गया है। अब न तो कारखानों पर तालाबंदी की राजनीति चलेगी और न ही उद्योगपतियों को स्वयं जमीन खरीदना पड़ेगा। राज्य में औद्योगिक विकास हो, इसके लिए राज्य सरकार जमीन खरीदेगी। इसके लिए सभी प्रावधान किये जा रहे हैं। राज्य में औद्योगिक विकास हो, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम्स भी लगाये गये हैं। मुख्यमंत्री ने अमित मेटालिक्स प्रबंधन को कहा कि उनका कारखाना दुर्गापुर में है जो मुनाफे में चल रहा है, इसकी जानकारी भी उन्हें है। साथ ही कहा कि जब वे विपक्ष में थे तो उन्होंने डीवीसी का एक मुद्दा बताया था। इसके लिए उस समय शुभेंदु अधिकारी ने डीवीसी के चेयरमैन से बात कर मामले को सुलझा दिया था। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए अमित मेटालिक्स लि.के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अमित सिंह ने कहा कि “हम सिफ एक इस्पात संयंत्र नहीं बना रहे हैं” बल्कि परयोजना को पुरुलिया और यहां के लोगों के प्रति कंपनी की दीघकालिक प्रतिबद्धता है। इस मौके पर अमित मेटालिक्स के संस्थापक अमित कुमार सिंह, निदेशक प्रियंका कुमारी सिंह, उद्योग मंत्री तापस राय, पीडब्ल्डयूडी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह, विधायक चंद्रशेखर बनर्जी सहित कई अन्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।