पुलिस ने टोटो के खिलाफ चलाया स्पेशल ड्राइव अभियान

पुलिस ने टोटो के खिलाफ चलाया स्पेशल ड्राइव अभियान
Published on: 

एसपी, सन्मार्ग संवाददाता

कुल्टी : राज्य के मंत्री के आदेश एवं डीसीपी ट्रैफिक के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से नियामतपुर में टोटो के खिलाफ स्पेशल ड्राइव अभियान चलाया। नियामतपुर मोड़ और सीतारामपुर स्टेशन रोड पर टोटो के बेतरतीब परिचालन और सड़क किनारे वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति पैदा करने की शिकायतों के बीच रविवार देर शाम स्पेशल अभियान चलाया। नियामतपुर सब-ट्रैफिक और नियामतपुर फांड़ी पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े कई ऑटो और टोटो में व्हील कैचर लगाया गया। वहीं, कई ऑटो-टोटो संचालकों पर जुर्माना भी लगाया गया है। नियामतपुर मोड़ से सीतारामपुर स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है। आरोप है कि सड़क के दोनों किनारों पर कतार लगाकर टोटो खड़े किए जाते हैं और वहीं यात्रियों को चढ़ाया-उतारा जाता है। इससे पहले से संकरी सड़क पर वाहनों के आवागमन के लिए जगह और कम हो जाती है। व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा अन्य वाहनों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

मामले को लेकर हाल में राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने पहल की थी। उन्होंने डीसी ट्रैफिक को नियामतपुर-सीतारामपुर स्टेशन रोड इलाके का निरीक्षण करने का निर्देश दिया था। साथ ही यातायात सुचारु रखने के लिए सड़क पर एक निर्धारित आवागमन कॉरिडोर बनाए रखने की व्यवस्था करने को कहा गया था, ताकि टोटो खड़े रहने के कारण आम लोगों को परेशानी न हो।

इसके बाद रविवार को नियामतपुर मोड़ पर सब-ट्रैफिक और नियामतपुर फांड़ी पुलिस की ओर से संयुक्त अभियान चलाया गया। सड़क पर या किनारे खड़े ऑटो-टोटो को हटाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कई वाहनों में व्हील कैचर लगाया गया और कई ऑटो-टोटो पर जुर्माना लगाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल अभियान चलाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। उन्होंने टोटो के लिए निर्धारित स्टैंड, यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए तय स्थान तथा सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा करने पर नियमित निगरानी की मांग की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in