

जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
सालानपुर : कोयलांचल की पहचान अब तक जमीन के नीचे छिपे काले हीरे यानी कोयले से रही है, लेकिन यहां की नदियों में बहने वाला बालू भी तस्करों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बनता जा रहा है। सालानपुर क्षेत्र में अजय नदी, इधर नियामतपुर फांड़ी, सांकतोड़िया फांड़ी क्षेत्र के दामोदर नदी के विभिन्न घाटों पर बालू के अवैध उठाव और परिवहन का कारोबार लगातार चर्चा में है।नदी तटों से बालू निकालकर ट्रैक्टर और हाइवा के माध्यम से अलग-अलग इलाकों में पहुंचाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय रास्तों के जरिये ट्रैक्टर और भारी वाहनों से बालू की ढुलाई होती है। आरोप है कि दिन के मुकाबले रात के अंधेरे में बड़े वाहनों की आवाजाही अधिक सक्रिय रहती है, जिससे इस कारोबार पर निगरानी करना और मुश्किल हो जाता है।
घाट बदलते हैं, लेकिन कारोबार का तरीका नहीं
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि नदी से निकाले गये बालू को पहले छोटे वाहनों के माध्यम से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाता है और फिर बड़े वाहनों से बाजारों एवं निर्माण स्थलों तक सप्लाई किया जाता है। अजय और दामोदर नदी से जुड़े क्षेत्रों में भी बालू के उठाव और परिवहन की स्थिति जांच का विषय है। नदी के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली गतिविधियों के कारण यह पता लगाना भी जरूरी है कि कहां वैध खनन की अनुमति है और कहां बिना किसी सरकारी स्वीकृति के बालू निकाला जा रहा है।
कार्रवाई की जिम्मेदारी जिन पर, उनकी निगरानी पर सवाल
नदियों से अवैध बालू खनन रोकने की जिम्मेदारी खनन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन की है। इसके बावजूद यदि घाटों से लगातार बालू का उठाव और परिवहन हो रहा है, तो निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिस स्तर की सक्रियता दिखनी चाहिए, वह जमीन पर नजर नहीं आती।
राजस्व की चोरी के साथ पर्यावरण को भी नुकसान
बालू केवल निर्माण कार्य की जरूरत नहीं, बल्कि नदी के पारिस्थितिक संतुलन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। नदी की तलहटी से अनियंत्रित तरीके से बालू निकालने पर जलधारा का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो सकता है। ऐसे में अवैध खनन का नुकसान केवल सरकारी राजस्व तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका असर नदी के आसपास रहने वाले लोगों और पर्यावरण पर भी पड़ सकता है।