

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम अंतर्गत कार्य करने वाले सफाई कर्मी विभिन्न मांगों के समर्थन में पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर हैं। उनके हड़ताल पर रहने के कारण पूरे इलाके में जगह-जगह कूड़ा व कचरा का अंबार लग गया है। कुछ स्थानों पर नालियां भी जाम हो जाने से नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा है। विभिन्न वार्डों में जगह-जगह पर कचरा का अंबार जमा होने से जनता में नाराजगी देखी जा रही है। सफाई कर्मियों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन उनके वेतन वृद्धि एवं पीएफ को लेकर स्पष्ट कोई उत्तर नहीं दे रहा था, मजबूरन उन्हें हड़ताल पर जाना पड़ा है। गौरतलब है कि सफाई कर्मी के द्वारा तीन दिनों से कार्य बंद कर हड़ताल पर जाने के कारण आसनसोल की सभी महत्वपूर्ण जगह जैसे एसबी गोराई रोड, भगतसिंह मोड़, हटनरोड, भांगापाचिल, बीसी कॉलेज मोड़ के पास, आसनसोल गर्ल्स कॉलेज मोड़ के साथ कई जगहों पर कचरा का अंबार जमा हुआ है।
जनता ने सफाई नहीं करवाने का लगाया आरोप
आसनसोल नगर निगम के कई वार्डों की जनता ने कहा कि नगर निगम द्वारा दिया गया सूखा एवं गिला कचरा उठाने वाली बाल्टी में कचरा भर गयी है और कोई सफाई कर्मी लेने नहीं आ रहा है। थक-हारकर उन्हें डस्टबिन में कचरा डालना पड़ रहा है। वहीं कुछ वार्ड के लोगों ने कहा कि कचरा इतना जमा हो गया था कि उसमें आग लगाना पड़ा, पर नगर निगम के सफाई कर्मी आकर कचरा नहीं उठा रहें। वहीं कई जगहों पर कचरा के कारण सुअर का जमावड़ा बढ़ गया है और पूरे कचरे को सड़क पर फैला दिया है।
आज से काम पर लौटेंगे सफाई कर्मी - मेयर
इस संबंध में मेयर बिधान उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि सफाई कर्मियों की मांगों पर गंभीरता से चर्चा की गयी है। उन्होंने कहा कि वेतन वृद्धि लगभग 1 साल पहले की गई थी, वर्तमान में वेतन वृद्धि करना संभव नहीं है। वहीं PF के पैसे की बात करें तो 2025 के मार्च महीने तक प्रोविडेंट फंड का पैसा उनके अकाउंट में डाला गया है, तब से लेकर अब तक कुछ तकनीकी समस्या की वजह से यह पैसा अकाउंट में नहीं डाला जा सका है, लेकिन इस समस्या का भी निराकरण कर लिया गया है और वह भी बहुत जल्द शुरू हो जाएगा। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों को सोमवार से काम पर लौट आने को कहा है।