जामुड़िया का एकमात्र सरकारी लॉज सरकारी उपेक्षा से हो गया है बंद

जामुड़िया का एकमात्र सरकारी लॉज सरकारी उपेक्षा से हो गया है बंद
Published on

जामुड़िया : नगर निगम की वार्ड संख्या 4 में बस स्टैंड परिसर स्थित जामुड़िया का दशकों पुराना सरकारी लॉज नगर निगम की उदासीनता के कारण बंद पड़ा हुआ है। इस लॉज के बंद होने से खासकर रात्रि के समय आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि सस्ते दर पर यात्रियों को ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तत्कालीन जामुड़िया नगर पालिका द्वारा इस ‘स्पंदन भवन’ का निर्माण कराया गया था। तीन मंजिले इस भवन का उद्घाटन उस समय के सांसद बिकास चौधरी ने किया था। इसके प्रथम तल पर यात्रियों के लिए भोजनालय भी संचालित होता था। देखरेख की जिम्मेदारी नगर पालिका की ओर से चंदन मंडल नामक व्यक्ति को दी गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार आने के बाद इस सरकारी लॉज के संचालन पर धीरे-धीरे ग्रहण लगना शुरू हो गया और अंततः इसे पूरी तरह बंद कर दिया गया। लॉज बंद होने का सर्वाधिक दुष्प्रभाव उन यात्रियों पर पड़ रहा है जो रात के समय बस स्टैंड पहुंचते हैं। कमरा नहीं मिलने की स्थिति में उन्हें मजबूरन रानीगंज या आसनसोल जाना पड़ता है। स्थानीय निवासी दीपक, बबलू, रवि सहित अन्य लोगों ने कहा कि जामुड़िया जैसी महत्वपूर्ण जगह पर एक भी मानक होटल या लॉज नहीं होना बेहद शर्मनाक है। उनका कहना है कि रोजाना बड़ी संख्या में मजदूर, व्यापारी और बाहर लोग शहर में आते हैं, लेकिन रुकने के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें परेशान होना पड़ता है। लोगों का कहना है कि नगर निगम यदि थोड़ी भी पहल करे तो यह लॉज शहर की जरूरतों को पूरा कर सकता था। इस मुद्दे पर बोरो चेयरमैन ने कहा कि स्पंदन भवन को फिर से शुरू करने के लिए नया टेंडर प्रक्रिया जल्द ही प्रारंभ की जाएगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in