

आसनसोल : आसनसोल के विकास में सबसे बड़ी बाधा फुटपाथ पर अतिक्रमण है। इसे हटाने या व्यवस्थित करने की मांग वर्षों से होती आ रही है, पर कार्रवाई नहीं हो रही थी। एक ओर जहां राज्य में सरकार बदली तो वहीं आसनसोल नगर निगम भी इस मुद्दे पर अब पूरी तरह से एक्शन मॉड में आ गया है। आसनसोल नगर निगम 16 मई, शनिवार सुबह 11 बजे से आसनसोल शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान चलाएगा। वहीं इस खबर से पूरे आसनसोल शहर में सनसनी फैल गई है। गौरतलब है कि आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स (एसीसी) ने आसनसोल शहर को अतिक्रमणमुक्त करने को लेकर नगर निगम को पत्र लिखा थाा। उक्त पत्र में आसनसोल के मुख्य फुटपाथ को व्यवस्थित कर हटन रोड, बस्तिन बाजार, पक्का बाजार एवं अन्य जगहों के अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटाने की मांग की थी। आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स को पत्र लिखकर जवाब दिया है कि 16 मई की सुबह 11 बजे से कार्रवाई शुरू कर दी जायेगी।
क्या कहा आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स ने
आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभुनाथ झा ने हटन रोड में अतिक्रमण को लेकर नगर निगम को पत्र लिखा कर विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकृषित कराया था। उन्होंने मेयर को साफ शब्दों में कहा कि आप तो आसनसोल का अतिक्रमण हटाना चाह रहे थे लेकिन तत्कालीन मंत्री मलय घटक के विरोध के कारण हटा नहीं पा रहे थे। वहीं उनसे अनुरोध किया गया है कि अब क्यों देरी हो रही है, कारण अब उनके काम में कोई भी मंत्री बाधा नहीं देंगे। आसनसोल की जनता अतिक्रमण से बहुत ज्यादा परेशान है, जल्द इस पर कार्रवाई कर कार्य शुरू किया जाये।
नगर निगम ने दिया जवाब
आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स को आधिकारिक पत्र भेजकर जानकारी दी है कि हटन रोड मोड़ से इस्माईल मोड़ तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए 16 मई की सुबह 11 बजे से अभियान चलाया जाएगा। आगे बताया गया कि अतिक्रमण हटाने को लेकर 13 मई से इलाके में माइकिंग और सार्वजनिक घोषणा भी शुरू कर दी जाएगी, ताकि संबंधित दुकानदारों और लोगों को पहले से सूचना मिल सके।
पहले भी नगर निगम ने किया था प्रयास
आसनसोल नगर निगम द्वारा हटन रोड मोड़ पर अतिक्रमण हटाने का प्रयास पहले भी किया गया था, पर वह सफल नहीं हो पाया था। उस समय इस अभियान को रोकने का आरोप कुछ तृणमूल नेताओं पर लगा था। मेयर बिधान उपाध्याय उस समय भी अतिक्रमण हटाने के पक्ष में थे। उन्होंने स्वयं हटन रोड में पैदल चल कर दुकानदारों से स्वत: अतिक्रमण हटाने का आह्वान किया था पर कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के ही एक कद्दावर नेता पर इस अभियान को रोकने के लिए दबाव देने का आरोप लगा और वह अभियान रोक दिया गया था। बता दें कि लंबे समय से हटन रोड पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं सरकार बदलते ही आसनसोल नगर निगम भी एक्शन मोड पर आ गया है और अतिक्रमण मुक्त करने के लिए सख्त कदम उठाने जा रहा है।