
दुर्गापुर : दुर्गापुर बेनाचिति भारतीय हिन्दी हाई स्कूल में दो नवनिर्मित क्लास रूम का उद्घाटन पंचायत सह ग्रामीण विकास मंत्री प्रदीप मजूमदार ने फीता काटकर किया। इन कमरों का निर्माण स्मार्ट क्लास एवं वोकेशनल कोर्स लैंब के लिए किया गया है। विद्यालय में क्लास रूम के निर्माण में निजी संस्था राउंड टेबल ने भरपूर सहयोग किया है। वहीं कमरों के निर्माण से विद्यालय में स्मार्ट क्लास रूम एवं वोकेशनल कोर्स लैंब के कमी को पूरा करने में मदद मिलेगी। इस दौरान मंत्री प्रदीप मजूमदार, अड्डा के चेयरमैन कवि दत्त, नगर निगम की प्रशासक अनिंदिता मुखर्जी के साथ संस्था के कर्णधार एवं स्कूल के शिक्षक मौजूद थे। सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय की ओर से अजय प्रसाद, जितेन्द्र कुमार पाण्डेय, मुन्ना रजक, वसीम राजा खान, दीपेंदु दास, सुशांत कुमार, चन्द्रभान सिंह ने किया। कार्यक्रम का आरंभ गुरु वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र पांडेय ने किया। अड्डा के चेयरमैन कवि दत्त और नगर निगम की प्रशासक अनिंदिता मुखर्जी ने विद्यालय में हरसंभव सहयोग और बेंच, स्मार्ट क्लास में एलईडी स्मार्ट बोर्ड देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उपस्थित भूतपूर्व शिक्षकों को सम्मानित किया गया। विद्यालय के अध्यक्ष कल्याण गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।