भारी बारिश से द्वारकेश्वर नदी का मीनापुर पुल डूबा, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा

भारी बारिश से द्वारकेश्वर नदी का मीनापुर पुल डूबा, दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा
Published on: 

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

बांकुड़ा : बांकुड़ा जिले में पिछले 48 घंटों के दौरान हुई मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले में इस दौरान लगभग 90 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बांकुड़ा से होकर बहने वाली प्रमुख नदियों गंधेश्वरी, द्वारकेश्वर, शिलावती और कंसावती का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। जलस्तर में भारी वृद्धि के कारण द्वारकेश्वर नदी पर स्थित मीनापुर पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर से लगभग 5 फीट की ऊंचाई पर पानी बह रहा है, जिस कारण सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है। मीनापुर पुल के डूबने से बांकुड़ा शहर का संपर्क नदी के दूसरी ओर स्थित दर्जनों गांवों से कट गया है। इसका सबसे अधिक प्रभाव बांशी, आड़ाल बांशी और जगदल्ला सहित आसपास के कई ग्रामीण इलाकों पर पड़ा है। इन गांवों के लोग स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, बाजार और दैनिक कामकाज के लिए पूरी तरह बांकुड़ा शहर पर निर्भर हैं। पुल पर आवागमन ठप होने से ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आपातकालीन सेवाओं और बेहद जरूरी कामों के लिए लोगों को काफी लंबा चक्कर काटकर जिला मुख्यालय तक पहुंचना पड़ रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in