

बर्नपुर : सेल आईएसपी के परियोजना विभाग द्वारा सुरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए “प्रोजेक्ट सेफ्टी पासपोर्ट” का औपचारिक शुभारंभ किया गया। बता दें कि इस पहल का अनावरण परियोजना भवन के लार्ज कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित परियोजना सुरक्षा प्रदर्शन समीक्षा बैठक के दौरान कार्यपालक निदेशक (परियोजना) प्रवीण कुमार ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि कार्य संस्कृति का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि “प्रोजेक्ट सेफ्टी पासपोर्ट” परियोजना गतिविधियों में सुरक्षा उत्कृष्टता की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।
सुरक्षा मानकों की दिशा में एक अभिनव प्रयास
प्रोजेक्ट सेफ्टी पासपोर्ट की संकल्पना एवं रूपरेखा परियोजना विभाग के उपसुरक्षा अधिकारी (डीएसओ-परियोजना) मलारेड्डी श्रीकांत डोरा द्वारा विकसित की गई है। यह पहल आईएसपी परियोजना विभाग में सुरक्षा संस्कृति को संस्थागत स्वरूप प्रदान करने तथा प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक अभिनव प्रयास है। यह सेफ्टी पासपोर्ट कर्मचारियों एवं ठेका कर्मियों को उनके सुरक्षा प्रशिक्षण, दक्षता एवं सुरक्षा प्रमाण-पत्रों का एक पारदर्शी एवं विश्वसनीय रिकॉर्ड उपलब्ध कराएगा। इसके माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि संबंधित व्यक्ति किसी भी परियोजना कार्य को सुरक्षित रूप से संपादित करने हेतु आवश्यक सुरक्षा योग्यताओं से युक्त है। प्रबंधन के लिए यह प्रणाली सुरक्षा अनुपालन की निगरानी, नए कर्मियों के सुव्यवस्थित ऑनबोर्डिंग, प्रशिक्षण रिकॉर्ड के रख-रखाव तथा वैधानिक आवश्यकताओं के अनुपालन को और अधिक प्रभावी बनाएगी। इस मौके पर सहायक प्रबंधक (परियोजना सुरक्षा) सुशांत सरकार, मुख्य महाप्रबंधकों, महाप्रबंधकों, परियोजना प्रबंधकों तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।