नवान्न से जांच अधिकारी पहुंचे आसनसोल नगर निगम

भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं व अवैध निर्माणों की होगी जांच
नवान्न से जांच अधिकारी पहुंचे आसनसोल नगर निगम
Published on

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम का बोर्ड भंग होते ही राज्य सचिवालय नवान्न से जांच अधिकारी ने बुधवार शाम आसनसोल नगर निगम पहुंच कर अपना कार्य शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि राज्य सचिवालय के निर्देशों के तहत अटके हुए विकास कार्यों, फाइलों के निपटारे और वित्तीय फैसलों की समीक्षा के लिए जांच अधिकारियों ने आसनसोल नगर निगम पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। पिछले कुछ दिनों में बोरो चेयरमैन सहित 6 प्रभावशाली पार्षदों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था, जिससे प्रशासनिक गतिरोध बढ़ गया था। आरोप था कि निगम क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत, जल निकासी और बुनियादी नागरिक सुविधाएं सही ढंग से नहीं मिलने की शिकायतें थीं। साथ ही बोर्ड बैठकें नियमित नहीं होने और संपत्ति कर में नियमों के खिलाफ जाकर विशेष छूट देने के आरोप लगे थे। वहीं लोगों में चर्चा बनी हुई है कि नवान्न के जांच अधिकारी और सतर्कता टीमें आसनसोल नगर निगम में भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं, अवैध निर्माणों की विस्तृत जांच करेंगी। नगर निगम सूत्रों का कहना है कि बिना नक्शा पास किए या नियमों को ताक पर रखकर बनाई गई बहुमंजिली इमारतों की सूची की जांच की जायेगी। सरकारी या निगम की जमीन पर अवैध कब्जे और भू-माफियाओं और निगम अधिकारियों की मिलीभगत की भी जांच की जायेगी। साथ ही नागरिक सेवाओं के लिए आवंटित सरकारी धन के गबन और गलत बिलिंग की जांच एवं विकास कार्य, सड़क निर्माण और स्ट्रीट लाइट के टेंडर में अगर कुछ धांधली मिलती है तो इस पर कार्रवाई होगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in