रानीगंज में बढ़ रही टोटो परिचालन की समस्या

12 वर्ष की उम्र के किशोर चला रहे हैं टोटो
रानीगंज में बढ़ रही टोटो परिचालन की समस्या
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

रानीगंज : माना कि शहर की जरूरत का एक हिस्सा बन चुका है टोटो, परन्तु इसका कतई यह मतलब नहीं है कि आप सभी निमयों को ताक में रखकर इसकी जरूरत पूरी करें। जी, हाॅ, हम बात कर रहे है रानीगंज में बेलगाम टोटो की। जरूरत तो हर चीज की होती है, परन्तु उसका सही संचालन करना एक तरफ कानून के दायरे में रहता है तो दूसरी तरफ जागरूक नागरिकों के हाथों में भी। प्राचीन शहर रानीगंज में इन दिनों टोटो की बेतहाशा वृद्धि हुयी है। पहले तो टोटो से सड़कों पर जाम लगना आम बात हो गयी थी और लोग टोटो की जाम से बचने के लिए मोटर साइकिल वाले, साइकिल वाले और पैदल राहगीर आसपास के गलियों का इस्तेमाल करते थे। परन्तु अब ये गलियां भी टोटो के बढ़ते प्रभाव से चपेट में आ चुकी हैं। गलियों में भी टोटो का प्रवेश शुरू हो गया है। वन-वे और नो-एंट्री से बचने के लिए अब टोटो को तंग गलियों के रास्ते को भी अपनाने में परहेज नहीं हो रही है। रानीगंज शहर के अति व्यस्ततम या लाइफ-लाइन माने जाने वाले एनएसबी रोड पर टोटो की भरमार इस कदर बढ़ गयी है कि चारचक्का हो या अन्य वाहन, उन्हें बेहद सतर्क रहना पड़ता है टोटो चालकों से। क्योंकि यह तो न नियम मानते हैं और न ही एक-दूसरे की सुरक्षा पर ही ध्यान देते हैं। कहीं भी मुड़ जाते हैं और कहीं भी खड़ी कर देते हैं। उनसे बचने के लिए आप को ही सतर्क रहना आवश्यकता है कारण ऐसा देखा गया कि जिन लोगों ने अपने जीवन में साइकिल भी नहीं चलाई है, वो टोटो के ड्राइवर बन बैठे हैं। हद तो तब हो जाती है जब एक 12 वर्षीय किशोर भी टोटो चालक बन जाता है और बिंदास होकर सवारी लेकर निकल पड़ता है और ऐसा दृश्य देखकर यह कहने में कोई संदेह नहीं है कि यह खतरा सभी के लिए हो चाहे किशोर टोटो चालक को या उस पर सवार यात्री या अन्य वाहनों के चालक। एक गलती सभी को खतरे के दायरे में ला सकती है। पुलिस तथा प्रशासन की ओर से बार-बार टोटो चालकों के लिए गाइड-लाइन जारी की जा रही है, छापेमारी की जा रही है, परन्तु फिर कुछ दिनों बाद स्थिति ज्यों की त्यों हो जा रही है। अब तो स्थिति यह हो गयी है कि रानीगंज के किसी भी बड़े उत्सव या शोभायात्रा के दौरान सबसे ज्यादा निगरानी ट्रैफिक व्यवस्था पर रखनी पड़ती है और टोटो चालकों के परिचालन पर सख्ती से ट्रैफिक नियम लागू करना पड़ता है जिसका हरजाना अन्य वाहन चालकों को भी भरना पड़ता है। रानीगंज शहरवासी टोटो सेवा के विरोधी नहीं हैं, परन्तु चीजें कानून के दायरे में रहें , नियमों के तहत रहें तो सारी चीजें बिना बिघ्न-बाधा के सुचारु रहेंगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News