

आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में राज्य सरकार की ओर से रथ यात्रा कमेटियों को आर्थिक मदद के रूप में चेक प्रदान किया गया। इस मौके पर दुर्गापुर के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने कहा कि उन्हें घुमाकर बोलने की आदत नहीं है, वे साफ-साफ (स्पष्ट) बोल रहे हैं कि जो 207 सदस्य बंगाल विधानसभा में जीत दर्ज कर के गए हैं, वे सभी हिंदू विधायक हैं। हिंदुओं ने खुलकर उनका समर्थन किया है, बाकी लोगों ने जनजागरण का काम किया है। राज्य सरकार हिंदू हित में ही काम करेगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार तीर्थ क्षेत्रों का विकास किया जाएगा। दुर्गापुर के 500 साल पुराने आराअरेश्वर मंदिर को काशी-विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर की तरह विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, देश में पहली बार राजा सूरत ने दुर्गापूजा का शुभारंभ गौर चंडी मंदिर से किया था, इस मंदिर का भी विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वहां सड़क, पानी, यात्री निवास, विश्राम कक्ष तथा हवन स्थल की कंक्रीट ढलाई कर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। दुर्गापुर के प्रवेश द्वार पर चार भव्य स्वागत द्वारों (वेलकम गेट) का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के प्रमुख व पौराणिक मंदिरों की साफ-सफाई की जाएगी, जिसके लिए राज्य सरकार 1.20 लाख रुपये आवंटित करेगी। जिले के घाघरबूड़ी चंडीमाता मंदिर, कल्याणेश्वरी माता मंदिर, बराकर के श्री श्री गौरांग मंदिर, पंचपांडव मंदिर (पांडवेश्वर) आदि का विकास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दुर्गापुर इस्कॉन मंदिर की ओर से एडीडीए से जमीन देने की मांग की गई है, जिसे लेकर जल्द ही बैठक की जाएगी और सरकारी नियमों के तहत जमीन मुहैया कराई जाएगी।
जिले में विकास को लेकर एडीडीए में बैठक
दुर्गापुर के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने कहा कि पश्चिम बर्दवान जिले के विकास के लिए एडीडीए के सभागार में आगामी 18 जुलाई को एक महत्वपूर्ण बैठक की जाएगी। इस बैठक में डीएम एस पोन्नमबलम, पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार, मंत्री अग्निमित्रा पॉल सहित सभी विधायक उपस्थित रहेंगे। जिले में लंबित (पेंडिंग) कार्यों सहित विकास के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, कैंसर मरीजों और धार्मिक स्थलों को लेकर भी बातचीत होगी। कैंसर मरीजों की आर्थिक सहायता के लिए जिलाधिकारी के पास लिखित आवेदन देने पर, बैठक में अनुदान प्रदान करने को लेकर विचार किया जाएगा।