

बर्नपुर : आसनसोल नगर निगम के वार्ड 82 में आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान के तहत लगभग 17 लाख रुपये के तीन कार्यों का शिलान्यास किया गया। गौरतलब है कि प्रत्येक बूथ को 10 लाख रुपये आवंटित किए गये हैं, जहां स्थानीय नागरिक अपनी समस्याओं की पहचान कर निर्णय लेते हैं। मौके पर स्थानीय पार्षद नरगिस बानो ने बताया कि आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान के तहत लगने वाले शिविर में जनता ने ड्रेनेज एवं रास्तों की समस्या बताई थी, जिसके तहत इस कार्य का लिस्ट बनाकर नगर निगम एवं डीएम को दिया गया था। वहीं शनिवार को वार्ड 82 में तीन कार्यों का शिलान्यास किया गया। मौके पर रानीगंज के पूर्व विधायक सोहराब अली ने कहा कि दो ड्रेनेज के कार्यों का शिलान्यास किया गया। पहला 7.34 हजार और दूसरा 2.76 हजार रुपये का है। साथ ही एक बदहाल सड़क के नवीनीकरण का कार्य का उद्घाटन किया गया है, जो 6 लाख 96 हजार रुपये का है। यह रास्ता पीसीसी से शुरू होकर एफपी स्कूल तक मरम्मत की जायेगी। इस मौके पर गुलामउल हक, शहजाद शमीम, अफजल खान, सैयद रजी अक्तर, इरशाद खान सहित स्थानीय लोग मौजूद थे।