

इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर अगर आग लग जाए तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है, खासकर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना और तेजी से आग पर काबू पाना बड़ी चुनौती होती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए दुर्गापुर में निजी अस्पतालों की अग्निशमन व्यवस्था की जांच के लिए दमकल विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को दमकल विभाग के अधिकारियों ने दो जगहों पर विशेष अभियान चलाया। पहला अभियान गांधी मोड़ के पास स्थित एक निजी अस्पताल में और दूसरा 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे राजबांध इलाके के एक निजी अस्पताल में चलाया गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने अस्पतालों की फायर सेफ्टी व्यवस्था का मौके पर जाकर बारीकी से निरीक्षण किया। आग बुझाने के लिए रखे गए उपकरण कितने कारगर हैं, आग लगने पर उसे तुरंत नियंत्रित करने के लिए क्या इंतजाम हैं, आपात स्थिति में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने की क्या व्यवस्था है, इन सभी बिंदुओं की गहनता से जांच की गई। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी भी आपात स्थिति में अस्पताल पूरी तरह से तैयार रहें। राज्य सरकार द्वारा अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिए जा रहे हैं। वहीं कहा गया कि अस्पतालों को गाइड लाइन का पालन करना जरूरी है।