

बर्नपुर : बर्नपुर के वैगन कॉलोनी स्थित सिंदूरी धाम में शनिवार रात पांचवा वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। गौरतलब है कि वैगन कॉलोनी स्थित इस मंदिर का जीर्णोद्धार कोविड काल में कुछ समर्पित हनुमान भक्तों के संयुक्त प्रयास से किया गया था। उसी समय से यह मंदिर बर्नपुर के बालाजी प्रेमियों के हृदय में एक विशेष और श्रद्धामय स्थान बना चुका है। वहीं नर्सिंग बांध बालाजी धाम के संतोष भाईजी के पावन सानिध्य और उपस्थिति में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ 11 बार हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने एक स्वर में भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात पुरुलिया से पधारे सुप्रसिद्ध गायक मनीष पंचारिया ने सामूहिक सुंदरकांड पाठ का संचालन किया तथा अपने मधुर भजनों से पूरे वातावरण को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भोग-प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर 400 से अधिक श्रद्धालुओं मौजूद थे।