

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान विज्ञान मंच की जिला कमेटी की ओर से ‘नदी बचाओ, पर्यावरण बचाओ’ की मांग को लेकर जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम को ज्ञापन सौंपा गया। गुरुवार को विज्ञान मंच के सदस्यों ने आसनसोल के रवींद्र भवन के समीप से एक रैली निकाली। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। इस दौरान विज्ञान मंच के सदस्यों ने मुख्य रूप से जिले की दामोदर, अजय, गारुई, सिंघारन, तामला और नूनिया सहित विभिन्न नदियों के जीर्णोद्धार और संरक्षण की मांग उठाई।
सदस्यों ने नदियों की वर्तमान स्थिति में सुधार लाने, उन्हें प्रदूषण मुक्त रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। विज्ञान मंच के जिलाध्यक्ष श्रीकांत चट्टोपाध्याय ने कहा कि अवैध बालू खनन के कारण नदियों का आस्तित्व खतरे में है। नदियां विभिन्न कारखानों के कारण प्रदूषित हो रही है। प्रशासनिक अधिकारी दिखावे के लिए कभी कभार छापेमारी कर बालू माफियाओं पर शिकंजा कसने की ढोंग करती है। उन्होंने कहा कि नदियों के प्रदूषण के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। इस स्थिति में लोगों का दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। एक तरफ लोग अतिक्रमण कर नदियों का दायरा छोटा कर रहे है वहीं कुछ जगहों पर कल-कारखाना वाले नदी के पानी को बंद कर उसके पानी को कारखाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। इस स्थिति में मवेशियों और जनसाधारण को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। विज्ञान मंच के सचिव कल्लोल घोष ने कहा कि अवैध बालू खनन के कारण रेलवे ब्रिज को भी नुकसान हो रहा है। मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष अरुण कुमार चटर्जी, उज्ज्वल राय, समीर दे सहित कई सदस्य उपस्थित थे।