

आसनसोल/बर्नपुर : विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत पश्चिम बर्दवान जिला के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में वृद्ध व दिव्यांगों के मतदान प्रक्रिया पूरी हो गयी। समाचार लिखे जाने तक निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वृद्ध व दिव्यांग मतदाताओं के घर-घर जाकर वोट लिये जा रहे थे। इसी क्रम में आसनसोल दक्षिण विधानसभा में 555 मतदाताओं के लिए बैलेट पेपर से मतदान की व्यवस्था की गयी थी। गौरतलब है कि चुनाव अधिकारी सहित चुनाव टीम घर-घर पहुंचकर बैलेट पेपर के जरिए मतदान पूरा करा रही है, ताकि कोई भी मतदाता शारीरिक परेशानी के कारण मतदान से वंचित न रह जाये। मौके पर असिस्टेंट सेक्टर ऑफिसर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता और 40 प्रतिशत बेंचमार्क दिव्यांगता वाले दिव्यांगजनों के घर-घर जाकर मतदान करवाया जा रहा है। वार्ड 77 के बूथ 80, 81, 82, 83, 84, 85, 86, 87, 88, 90 बूथ मिलाकर कुल 29 लोगों ने मतदान किया। बता दें कि पश्चिम बर्दवान जिला के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 5244 मतदाता हैं। जिनमें आसनसोल उत्तर विधानसभा में 703, आसनसोल दक्षिण में 555, कुल्टी में 462, बाराबनी में 687, रानीगंज में 522, जामुड़िया में 586, पाण्डेश्वर में 521, दुर्गापुर पश्चिम में 602 एवं दुर्गापुर पूर्व में 606 85 वर्ष से ज्यादा और 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग हैं।
सुरक्षा के बीच किया गया मतदान
वृद्ध व दिव्यांग मतदाताओं की मतदान प्रक्रिया पूरी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई जा रही है। पूरे मतदान की वीडियोग्राफी भी की जा रही है। चुनाव आयोग की इस व्यवस्था से बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं में उत्साह देखा गया। वहीं बीएलओ द्वारा मतदाताओं की पहचान की पुष्टि की जा रही थी कि किसी तरह का कोई नकली मतदान न हो। मौके पर दो पोलिंग अधिकारी, एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक कैमरामैन, केंद्रीय बल के जवान, राज्य पुलिस के दो जवान, बूथ के बीएलओ एवं बीएलए मौजूद थे।