दुर्गापुर : दुर्गापुर एवं पानागढ़ में ईडी की कार्रवाई से कोयला और बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। दुर्गापुर सिटी सेंटर अंबुजा स्थित पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल के घर में ईडी के अधिकारियों ने लगभग 12 घंटे तक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान घर के अंदर एवं बाहर केंद्रीय बल के जवान तैनात थे। बता दें कि कमिश्नरेट अंतर्गत कुछ दिनों पहले हुए फेरबदल में पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल को बुदबुद थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है। सूत्रों की मानें तो मनोरंजन मंडल ने अब तक बुदबुद थाना प्रभारी का पदभार नहीं संभाला है। उल्लेखनीय है कि मनोरंजन मंडल को पहले भी सस्पेंड किया गया था। इस दौरान ईडी की टीम को कुछ फाइल के साथ पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल के घर से बाहर निकलते हुए देखा गया। अवैध कोयला और बालू तस्करी मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को कई ठिकानों पर छापामारी अभियान चलाया। केंद्रीय जांच एजेंसी की यह कार्रवाई दुर्गापुर और पानागढ़ इलाकों में केंद्रित रही, जहां बालू तथा कोयला कारोबार से जुड़े प्रभावशाली लोगों के ठिकानों पर केंद्रीय बल के जवानों के साथ छापामारी की गई। इस अभियान में सबसे अधिक चर्चा बुदबुद थाने के नवनियुक्त प्रभारी मनोरंजन मंडल को लेकर हो रही है। भ्रष्टाचार के आरोपों में निलंबित रहने के बाद हाल ही में उन्हें बुदबुद थाना में ऑफिसर इंचार्ज का प्रभार सौंपा गया था। वहीं कार्यभार संभालने से पहले ही ईडी की टीम उनके आवास पर पहुंच गई। ईडी के अधिकारियों ने दुर्गापुर के बड़े बालू कारोबारी और 'केके मिनरल्स' के मालिक प्रबीर दत्ता और उनके भाई अमित दत्ता के सेपको स्थित आवासों पर भी तलाशी अभियान चलाया। प्रबीर दत्ता का बालू और पत्थर का कारोबार बांकुड़ा के साथ पूर्वी और पश्चिमी बर्दवान के कई हिस्सों में फैला हुआ है। इसके साथ ही पानागढ़ के बालू व्यवसायी मिर्जा हासिम बेग के ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। वही जांच एजेंसी का मुख्य उद्देश्य इन अवैध धंधों के जरिए होने वाले भारी वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के पुख्ता सबूत जुटाना है। दुर्गापुर एवं पानागढ़ में ईडी की कार्रवाई के बाद कई कोयला, बालू एवं पत्थर कारोबारियों ने अपना ठिकाना बदल लिया है।