डॉक्टर की घारदार हथियार से काटकर हत्या से सनसनी

डॉक्टर की घारदार हथियार से काटकर हत्या से सनसनी
Published on

बर्दवान : शहर के बादामतला इलाके में दोपहर करीब 1 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जहां 'जीवन' नाम के एक व्यक्ति ने एक डॉक्टर की जान ले ली। मृतक की पहचान श्याम उर्फ राजा भौमिक (45) के रूप में हुई है। वह बर्दवान शहर के बाबुबाग कालीतला इलाके का निवासी था। अभियुक्त का नाम जीवन रुइदास है, जो शक्तिगढ़ के अमड़ा इलाके का रहने वाला है।

​क्या है पूरा मामला

​प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के रिश्तेदारों के अनुसार, राजा भौमिक ने करीब 2 साल पहले RMP की डिग्री हासिल की थी और बादामतला में अपना चैंबर खोला था। वहां वह एक ऑर्थोपेडिक (हड्डी रोग) डॉक्टर को बुलाकर लोगों का इलाज करवाता था। इससे पहले उन्होंने मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम किया था और बर्दवान के खोसबगान इलाके के एक प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक डॉक्टर के पास कंपाउंडर के तौर पर भी जुड़े रहे। वहीं काम करते हुए उन्होंने अनुभव प्राप्त किया और बाद में अपना खुद का क्लिनिक शुरू किया।

​हत्या की वजह

​पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह राजा भौमिक ने रोज की तरह 10 बजे अपना चैंबर खोला था। अभियुक्त जीवन रुइदास की 84 वर्षीय दादी का इलाज राजा भौमिक के पास चल रहा था, जिनकी मृत्यु बीते 31 दिसंबर को हो गई थी। जीवन का आरोप है कि उसकी दादी की मौत राजा भौमिक के गलत इलाज की वजह से हुई थी।​ इसी गुस्से में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे जीवन अचानक चैंबर में घुसा और अपने साथ छिपाकर लाई गई कटारी (तेज धारदार हथियार) से राजा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। खून से लथपथ राजा भौमिक की मौके पर ही मौत हो गई।

​अभियुक्त ने थाने में किया सरेंडर

​हत्या करने के बाद अभियुक्त जीवन रुइदास खून से सनी कटारी लेकर सीधे बर्दवान थाने पहुंच गया। वहां ड्यूटी पर तैनात अधिकारी को हथियार दिखाकर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। इसके बाद पुलिस जीवन को साथ लेकर मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बर्दवान अस्पताल भेजा। ​इस घटना के बाद पूरे शहर में भारी तनाव और सनसनी का माहौल रहा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in