'पथश्री' परियोजना की सड़क को लेकर विवाद ने लिया झड़प का रूप

'पथश्री' परियोजना की सड़क को लेकर विवाद ने लिया झड़प का रूप
Published on

बांकुड़ा : 'पथश्री ' के तहत सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुए विवाद ने झड़प का रूप ले लिया। बांकुड़ा 1 नंबर ब्लॉक के जगदल्ला ग्राम पंचायत अंतर्गत रजकपाड़ा इलाके में कुछ युवकों ने महिलाओं पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में स्थानीय महिला पंचायत सदस्य सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, रजकपाड़ा से राज्य राजमार्ग (स्टेट हाईवे) तक पक्की सड़क के निर्माण की मांग स्थानीय निवासी लंबे समय से कर रहे थे। जनभावनाओं को देखते हुए राज्य सरकार की 'पथश्री-रास्ताश्री' योजना के तहत सड़क का कार्य शुरू किया गया। निर्माण कार्य की शुरुआत से ही रजकपाड़ा और पड़ोसी बाउरी पाड़ा के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

सुलह के बाद भी भड़की हिंसा

बताया जा रहा है कि पहले भी इस मुद्दे पर दोनों पक्षों में कहा-सुनी हुई थी, जिसे बांकुड़ा सदर थाने की पुलिस ने हस्तक्षेप कर सुलझा लिया था। दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एक समाधान निकाला गया था, लेकिन यह विवाद फिर गहरा गया। रजकपाड़ा वासियों का आरोप है कि मोहल्ले की कुछ महिलाएं गांव के क्लब के पास बैठी थीं, तभी बाउरी पाड़ा के युवकों ने उन पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में कई महिलाओं के सिर फट गए हैं। आरोप है कि हमलावरों ने एक महिला के पेट पर लात भी मारी थी।

बाउरीपाड़ा वासियों ने कहा -आरोप निराधार

दूसरी ओर, बाउरीपाड़ा पक्ष ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके युवक केवल अभद्र टिप्पणियों का विरोध करने गए थे और मारपीट की कोई घटना नहीं हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बांकुड़ा सदर थाने की भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। रजकपाड़ा पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। राज्य में कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में 'पथश्री परियोजना' जैसी विकास योजना को लेकर हुए इस आपसी संघर्ष ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि हालांकि इस घटना में अभी कोई स्पष्ट राजनीतिक दल सीधे तौर पर सामने नहीं आया है, लेकिन आगामी चुनावों में इस विवाद का गहरा प्रभाव पड़ सकता है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in