तालाब से व्यक्ति का शव मिलने से हलचल

आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 6 की घटना
घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़
घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़
Published on

धनंजय, सन्मार्ग संवाददाता

जामुड़िया : जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कोलियरी के समीप स्थित घासुरिया तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान बेनाली के टुइला पाड़ा निवासी मधु हेम्ब्रम के रूप में हुई है। घटना नगर निगम के वार्ड संख्या 6 की बताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मधु हेम्ब्रम 18 सितंबर की सुबह घर से कमल का फूल लाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिवार के सदस्यों ने आसपास के इलाकों सहित संभावित स्थानों पर उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

रविवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर घासुरिया तालाब में तैर रहे एक शव पर पड़ी। देखते ही देखते इसकी खबर पूरे इलाके में फैल गई और तालाब के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही श्रीपुर फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान मधु हेम्ब्रम के रूप में होने के बाद इसकी सूचना उनके परिजनों को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है।

मधु हेम्ब्रम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर इलाके में तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। वह तालाब तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत पानी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in