

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के कुमारपुर इलाके में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम के बुलडोजर चलाने से हलचल मच गई। गौरतलब है कि 27 दिसंबर को निगम ने दुकान पर आकर नोटिस दिया था, लेकिन दुकान नहीं हटाई गई तो बुधवार को बुलडोजर चलाकर दुकान हटा दी गई। मौके पर कुमारपुर ग्राम के रहने वाले प्रियदीप मंडल का कहना है कि उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन पर एक छोटी-सी एस्बेस्टस की चाय दुकान बनाई थी। वहीं आसनसोल नगर निगम द्वारा उन्हें नोटिस दिया गया था कि उसे तोड़ना पड़ेगा कारण उसका अवैध रूप से निर्माण किया गया था। उन्होंने कहा कि 27 तारीख को उन्हें नोटिस दिया गया और आज आसनसोल नगर निगम के अधिकारी उसे तोड़ने पहुंच गये।
निगम पर उठाये सवाल
प्रियदीप मंडल का कहना है कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में ऐसे कई अवैध निर्माण हैं जो इससे भी कहीं बड़े-बड़े निर्माण हैं लेकिन उनको नहीं तोड़ा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोअर कुमारपुर में दुकानें बनाकर किराए पर दे दी गई है और उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। अतिक्रमण कर गैरेज बनाकर चलाए जा रहे हैं और उनकी छोटी-सी चाय की दुकान है जिसे तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 6 महीने पहले भी नगर निगम नगर निगम द्वारा नोटिस दिया गया था तब उन्होंने एस्बेस्टस हटा लिया था, लेकिन अब ठंड की वजह से वह फिर से एस्बेस्टस लगाए तो नगर निगम द्वारा उसे तोड़ा जा रहा है।नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि आज निगम के अधिकारियों द्वारा अवैध निर्माण को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर यह जमीन उनकी पुश्तैनी है तो वह कागज दिखाएं लेकिन सर्वेएर द्वारा जो रिपोर्ट दी गई थी, उस रिपोर्ट पर आधारित यह कार्रवाई की जा रही है।