

विनोद,सन्मार्ग संवाददाता
रानीगंज/कोलकाता :- रंगदारी और धमकी देने के गंभीर आरोपों के बीच बर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद मंगलवार को कोलकाता स्थित सीआईडी मुख्यालय 'भवानी भवन' पहुंचे। कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार वे जांच अधिकारियों के समक्ष पेश हुए और पूछताछ की प्रक्रिया का सामना किया। मामला पिछले वर्ष का है, जब रानीगंज के राहुल घोष ने आरोप लगाया कि उसे दुर्गापुर स्थित बंगले में बुलाकर सांसद के एक सहयोगी द्वारा 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और पैसे न देने पर कारोबार बंद कराने की धमकी दी गई। राहुल घोष द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर सीआईडी इस मामले की पड़ताल कर रही है। उच्च न्यायालय ने कीर्ति आजाद को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान करते हुए जांच में पूर्ण सहयोग करने का आदेश दिया था। पूछताछ से पूर्व संवाददाताओं से बातचीत में सांसद ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया। उन्होंने दावा किया कि घटना वाले दिन वे दुर्गापुर में मौजूद ही नहीं थे और अपनी बेगुनाही के सभी साक्ष्य सीआईडी को सौंप रहे हैं।