

आसनसोल : आसनसोल उत्तर एवं दक्षिण विधानसभा क्षेत्र को लेकर आसनसोल के ज्योति नगर इलाके में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आसनसोल उत्तर के प्रत्याशी मलय घटक, दक्षिण के प्रत्याशी तापस बनर्जी, जामुड़िया के प्रत्याशी हरेराम सिंह, पांडवेश्वर के प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती एवं कुल्टी के प्रत्याशी अभिजीत घटक को समर्थकों के सामने लाकर वोट देने की अपील की। एक ओर जहां सभा मंच से तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने सभी प्रत्याशियों के लिए जीत के लक्ष्य तय कर दिया तो वहीं उन्होंने राज्य सरकार के कार्यों के बलबूते एवं लक्ष्मी भंडार को सामने रख जीत की निश्चितता दुहरायी। इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने समर्थकों संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक सीट पर उन्हें ही लोग प्रत्याशी समझें।
मंच से उतरते समय तापस बनर्जी को दिया विशेष निर्देश
कार्यक्रम समाप्त कर सभा मंच से नीचे उतरते समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रुककर आसनसोल दक्षिण के प्रत्याशी तापस बनर्जी को अपने पास बुलाकर उन्हें कुछ निर्देश देती दिखीं। इस दौरान तापस बनर्जी ममता बनर्जी के हाथ को अपने सिर पर रख आशीर्वाद लेते भी दिखे। वहीं उस समय मंच पर मौजूद कुछ नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री ने तापस बनर्जी को आसनसोल दक्षिण को हर हाल में जीतने के लिए पूरी ताकत लगाने का निर्देश दिया है। हालांकि इस संबंध में तापस बनर्जी ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें जो अकेले में कहा है, उसे सार्वजनिक नहीं करना ही उचित है। हालांकि मुख्यमंत्री के इस निर्देश की चर्चा राजनीतिक हलकों में जरूर हो रही है।