

जितेन्द्र, सन्मार्ग संवाददाता
सांकतोड़िया : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा ने बुधवार को कोलकाता में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। बैठक में ईसीएल के परिचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ-साथ कोयला चोरी की समस्या पर विशेष रूप से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने ईसीएल के कोयला क्षेत्रों में चोरी तथा इससे जुड़े अन्य संचालन संबंधी विषयों की जानकारी ली और प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बैठक में कोयला चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, खनन क्षेत्रों की सुरक्षा मजबूत करने तथा ईसीएल के संचालन में आने वाली विभिन्न चुनौतियों के समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने ईसीएल के उत्पादन एवं संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए राज्य सरकार और कोयला कंपनी के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय कोयला सचिव, कोयला मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कोल इंडिया लिमिटेड के शीर्ष अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
कोयला चोरी रोकने के लिए समन्वय पर जोर
ईसीएल के लिए कोयला चोरी लंबे समय से सुरक्षा और परिचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण चुनौती रही है। कंपनी के खनन क्षेत्रों में कोयले के अवैध उत्खनन, परिवहन और चोरी को रोकने के लिए ईसीएल सुरक्षा विभाग, सीआईएसएफ तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय महत्वपूर्ण माना जाता है। बैठक में इसी समन्वय को और मजबूत करने तथा कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की ओर से ईसीएल से जुड़े कोयला चोरी के मामलों की जानकारी लिए जाने से यह संकेत मिला कि राज्य सरकार इस मुद्दे को गंभीरता से ले रही है। वहीं, ईसीएल प्रबंधन की ओर से परिचालन के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के लिए आवश्यक सहयोग से संबंधित विषयों को भी बैठक में रखा गया।