

बर्नपुर : बर्नपुर बस स्टैंड की हालत दिन पर दिन बदहाल होते जाने से यात्रियों सहित बस के ड्राइवर एवं खलासी भी परेशान हो रहे हैं। बस के ड्राइवर एवं खलासी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उनका आरोप है कि टोटो और ऑटो के कारण सवारी कम मिलती है और कम सवारी लेकर ही उन्हें बर्नपुर से आसनसोल, न्यूटाउन और रिवरसाइड की ओर जाना होता है। बस ड्राइवरों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो उनका घर-परिवार कैसे चलेगा। आरोप है कि बस स्टैंड को लेकर कोई भी गंभीर नहीं दिख रहा है। परिणाम स्वरूप बर्नपुर बस स्टैंड की हालत दिन पर दिन खराब होती जा रही है। एक समय था जब बर्नपुर बस स्टैंड लाइटों से सजा रहता था पर अब रात होते ही अंधकार में डूब जाता है, ना कोई रंग हो रहा है और ना ही बदहाल सड़क को ठीक किया जा रहा है। उन्हें डर है कि अगर बस स्टैंड का यही हाल रहा तो आने वाला समय उनके लिए काफी समस्या भरा होगा।
क्या कहा बस यूनियन के नेता ने
बर्नपुर बस यूनियन के नेता एवं आईएनटीटीयूसी जिला सचिव समीर खान उर्फ बांके ने कहा कि बर्नपुर बस स्टैंड के नवीनीकरण के कार्य को लेकर नगर निगम को पत्र दिया गया है। फरवरी के अंत तक एवं मार्च के शुरू होते ही बस स्टैंड का कार्य शुरू हो जायेगा। उन्होंने बताया कि बर्नपुर बस स्टैंड में लाइट, रंग, सड़क का कार्य बहुत जल्द शुरू किया जायेगा और बर्नपुर बस स्टैंड पहले जैसा जगमगाता हुए दिखेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वे बस कर्मियों एवं हॉकर यूनियन के लिए जितना हो सकेगा, उतनी मदद करेंगे। बस एसोसिएशन के कर्मियों की सहायता के लिए कार्ड बनाए गये हैं और करीब 150 से ज्यादा कार्ड बनने के लिए फॉर्म भरा गया है, कुल मिलाकर करीब 300 लोगों को कार्ड की सुविधा मिलेगी।