

रानीगंज : रानीगंज टीडीबी कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. निपंकर हाजरा के घर हुई चोरी की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने 2 चोरों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को रानीगंज थाना के IC विकास दत्त ने पत्रकार सम्मेलन के दौरान इस पूरे मामले का खुलासा किया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के रेलपार निवासी मोहम्मद आसिफ अंसारी और टीपू उर्फ मोहम्मद जहीरूद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, नकद राशि, बच्चों की अंगूठी, बर्तन और घड़ी समेत चोरी के अन्य कीमती सामान बरामद कर लिए हैं।
अभियुक्त ने किया था मां के नाम रजिस्टर्ड बाइक का इस्तेमाल
घटनाक्रम के अनुसार, पूर्व प्रिंसिपल निपंकर हाजरा गत 10 दिसंबर को इलाज के लिए वेल्लोर गए थे। उनके बंद घर को सूना पाकर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। वहीं जब वे वापस लौटे तो घर का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। उनके घर से कीमती सामान की चोरी हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने रानीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने उस बाइक को चिन्हित किया जिसे चोर लेकर आए थे। वहीं जब बाइक के नंबर प्लेट की जांच की गई, तो पता चला कि वह एक महिला के नाम पर रजिस्टर्ड है। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस जब उस महिला तक पहुंची, तो खुलासा हुआ कि उसके बेटे ने ही अपनी मां की बाइक का इस्तेमाल इस चोरी को अंजाम देने के लिए किया था। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आसनसोल जिला अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें चार दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान कड़ी पूछताछ में चोरों ने अपना जुर्म कबूल किया और उनकी निशानदेही पर सारा सामान बरामद कर लिया गया।
अभियुक्त हैं नशा करने के आदी
पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्त नशा करने के आदी हैं और चोरी की राशि का अधिकांश हिस्सा नशा करने पर ही खर्च कर दिया था। IC विकास दत्त ने इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने के लिए रानीगंज थाना की पीसी पार्टी की विशेष रूप से सराहना की। वहीं, अपनी मेहनत की कमाई और कीमती सामान वापस मिलने पर पूर्व प्रिंसिपल निपंकर हाजरा ने रानीगंज पुलिस के प्रति आभार प्रकट किया है।