

दुर्गापुर : पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रामानुज गांगुली ने शनिवार को माध्यमिक परीक्षा केंद्रों का जायजा लेने के लिए विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। परीक्षा के पहले दिन से ही जिलों के भ्रमण पर निकले डॉ. गांगुली बीरभूम के कुछ स्कूलों का दौरा करने के बाद कांकसा पहुंचे थे। उन्होंने पियारीगंज चारुचंद्र उच्च विद्यालय, कांकसा उच्च विद्यालय, पानागढ़ बाजार उच्च विद्यालय और पानागढ़ बाजार हिंदी हाई स्कूल का निरीक्षण किया। उनके साथ बोर्ड के अन्य अधिकारियों सहित पूर्व एवं पश्चिम बर्दवान जिले के शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए डॉ. गांगुली ने बताया कि इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा अत्यंत सुचारू रूप से चल रही है। अब तक कहीं से भी किसी अप्रिय घटना या समस्या की सूचना नहीं मिली है। हालांकि पानागढ़ बाजार हिंदी हाई स्कूल में साफ-सफाई की कमी और स्कूल के नामपट्ट (नेम बोर्ड) के नहीं होने की शिकायतों पर उन्होंने संज्ञान लिया और कहा कि वह स्कूल प्रबंध समिति को इस संबंध में उचित कदम उठाने का निर्देश देंगे। पूर्व बर्दवान के आझापुर उच्च विद्यालय में स्कूल निरीक्षक के साथ हुई अभद्रता के मामले पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वह समस्या अब पूरी तरह सुलझ चुकी है। वहां परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो रही है। वहीं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पश्चिम बर्दवान संयोजक राजीव मुखर्जी ने एक महत्वपूर्ण तथ्य साझा करते हुए बताया कि परीक्षाओं में छात्राओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने इसका श्रेय राज्य सरकार की कन्याश्री, रूपश्री और सबुज साथी जैसी योजनाओं को दिया, जिनसे प्रेरित होकर छात्राएं स्कूल की ओर रुख कर रही हैं। वहीं स्कूल ड्रॉपआउट दर में भारी कमी आई है। जिला विद्यालय निरीक्षक सोमेन चंद्र लाहा ने भी बोर्ड अध्यक्ष के दौरे पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में प्रशासन और बोर्ड के अधिकारी पूरी तरह सतर्क हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।