

आसनसोल : आसनसोल पंचगछिया स्थित आनंदम रेसीडेंसी में चल रहे सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ के आठवें दिन पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। गौरतलब है कि मौजूद श्रद्धालु पाठ एवं भजन सुनकर मंत्रमुग्ध हो गये और पूरा परिसर जय श्री राम के जयकार से गूंज उठा। मौके पर कार्यक्रम की आयोजक, शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वतीजी की शिष्या एवं आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय महामंत्री निभा प्रकाश ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सवा लाख हनुमान चालीसा का पाठ करने या इसे विधि-विधान से सुनने से साधक की हर बड़ी से बड़ी मनोकामना और संकल्प पूर्ण होते हैं। यह अनुष्ठान आमतौर पर किसी विशेष उद्देश्य, कार्य की सफलता या बाधाओं को दूर करने के लिए किया जाता है और आनंदम रेसीडेंसी का मुख्य उद्देश्य है कि आसनसोल की जनता की सभी मनोकामनाएं और संकल्प पूर्ण हो। आगे कहा कि हनुमानजी को संकट मोचन कहा जाता है और इतनी बार हनुमान चालीसा का पाठ सुनने से आसपास का वातावरण पूरी तरह से शुद्ध हो जाता है। भूत-प्रेत, बुरी नजर और हर प्रकार की नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है। साथ ही 12 तारीख को समापन के दिन प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा संगीत का आयोजन एवं विशाल भंड़ारा का आयोजन किया जायेगा। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता शंभूनाथ झा, इंडिया इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल एके शर्मा, ईसीएल सोदपुर के जीएम जेपी सिंह सहित काफी संख्या में भक्तगण मौजूद थे।