

आसनसोल : अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध से वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा गया है, जिसका असर भारत के साथ विभिन्न राज्य में देखने को मिल रहा है। वहीं पश्चिम बर्दवान जिला के आसनसोल में रहने वालें लोगों के साथ अस्पताल और स्कूल के लोग भी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने को लेकर काफी चिंतित दिख रहे हैं। इसी क्रम में आसनसोल अनुमंडल कार्यालय एवं आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एनफोर्समेंट ब्रांच की टीम ने शनिवार को आसनसोल के अलग-अलग इलाकों में गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले LPG डिस्ट्रीब्यूटरों के गोदाम एवं कार्यालय में जांच की। गौरतलब है कि LPG गैस सिलेंडर स्टॉक का सत्यापन के लिए आसनसोल के एसबी गोराई रोड, एलआईसी मोड़ और मुर्गासोल में LPG वितरकों के यहां जांच की गयी। जांच के दौरान अधिकारियों ने गैस सिलेंडर का स्टॉक चेक किया। साथ ही उन्होंने कस्टमर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स से बात की। मौके पर एसडीएम विश्वजीत भट्टाचार्य ने कहा कि डिस्ट्रीब्यूटरों को साफ तौर पर निर्देश दिया गया है कि किसी भी हालत में हॉस्पिटल, स्कूल और ICDS सेंटरों में गैस की सप्लाई में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए और कोई किसी तरह की गैस सिलेंडर की जमाखोरी न करें। आगे बताया गया है कि ऐसी कोई शिकायत मिलने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसडीएम विश्वजीत भट्टाचार्य, एनफोर्समेंट ब्रांच के एसीपी मोहम्मद हारुन एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।