

सन्मार्ग संवाददाता
बांकुड़ा : एक पति पर अपनी पत्नी को घर के पीछे नाले में ले जाकर उसका गला घोंटकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार पत्नी की हत्या करने के बाद अभियुक्त साधन गोराई ने सिमलापाल थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। मृतका का नाम सावित्री गोराई (55) है। यह घटना सिमलापाल थाना क्षेत्र के माचाटोरा ग्राम पंचायत के बंशी गांव में घटी है। मृतक के परिजनों के अनुसार, आरोपी साधन गोराई, जो पेशे से किसान हैं, और उसकी पत्नी सावित्री गोराई के बीच अक्सर विवाद होते रहता था। आरोप है कि बुधवार की रात साधन गोराई अपनी पत्नी को घर के पीछे ले गया और नाले में डूबोकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सिमलापाल थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटना के सामने आते ही क्षेत्र में हलचल मच गयी है। अभियुक्त के बेटे श्रीजीब गोराई का दावा है इस घटना की जानकारी उन्हें नहीं हो पायी। उन्हें इस मामले के बारे में सबसे पहले एक स्थानीय सीवीपीएफ से फोन पर पता चला। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह इस घटना में शामिल पिता के लिए कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में खांतरा के एसडीपीओ अभिषेक यादव ने बताया कि घटना की जांच के साथ ही अभियुक्त साधन गोराई को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा, शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए बांकुड़ा सम्मेलनी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। अभिुक्त को कल अदालत में पेश किया जाएगा।