

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : हीरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 83 के इस्माइल इलाके में दो पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। कहासुनी के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और देखते ही देखते हाथापाई की नौबत आ गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला आपसी कहासुनी का था, जिसे कुछ लोगों द्वारा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया। फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और क्षेत्र में शांति बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें, कानून को अपने हाथ में न लें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।