

बर्नपुर : सेल आईएसपी के संपदा विभाग के सुरक्षा विभाग द्वारा नियमित गश्त के दौरान एक अवैध निर्माण कार्य को रोक दिया गया। गौरतलब है कि बर्नपुर स्टेशन रोड स्थित जगन्नाथ स्वीट्स के समीप एक दुकान के सामने अनधिकृत रूप से स्टील सनरूफ लगाने संबंधी निर्माण कार्य किया जा रहा था। यह निर्माण कार्य बिना टाउन विभाग की अनुमति से किया जा रहा था, जो कि नियमों के विरुद्ध था। सुरक्षा विभाग के सतर्क कर्मियों द्वारा नियमित निरीक्षण के दौरान इस अवैध गतिविधि का संज्ञान लिया गया एवं हीरापुर थाना को सूचना देकर तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा दल ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उक्त अनधिकृत निर्माण कार्य को रोक दिया। सेल - इस्को इस्पात संयंत्र का संपदा विभाग अपनी परिसंपत्तियों की सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। संयंत्र प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि कंपनी की भूमि एवं संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अनधिकृत निर्माण या अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं होगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। संयंत्र प्रबंधन ने आम जनता एवं दुकानदारों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के निर्माण या संरचनात्मक परिवर्तन से पूर्व संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा या कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।