

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के विभिन्न रोग के संक्रमण से बचने के लिए स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाता है, लेकिन जरा सोचिए कि दूसरों को स्वास्थ्य रहने की सीख देने वाला विभाग ही कचरे से घिरा हो तो लोगों का हैरान होना स्वाभाविक है। कुछ ऐसा ही नजारा कल्याणपुर के डाॅ. बीसी राय सड़क किनारे स्थित जिले का मुख्य स्वास्थ्य कार्यालय (सीएमओएच) है। इस कार्यालय से सटे बाउंड्रीवाॅल के भीतर वार्ड 22 के विभिन्न क्षेत्रों का कचरा फेंका जाता है। फेंके गए कचरे को देखकर कोई भी इसे डंपिंग स्थल कहने से इंकार नहीं कर सकता है। कचरे से मवेशी और कुत्ते आदि अपनी खुराक की खोज में कचरे को बिखेर देते हैं। कचरे पर भिनभिनाती मक्खियों और निकलने वाली दुर्गंध से आवागमन करने वाले लोग अपनी नाक सिकुड़ते हुए आगे निकल जाते हैं। व्यापक संख्या में स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मियों का आना-जाना भी लगा रहता है। इसी कार्यालय से जिले के विभिन्न हेल्थ सेंटरों में दवा व इलाज संबंधित सामग्रियों को भेजा जाता है। कर्मी कचरे को लेकर आपस में कानाफुसी करते हैं, लेकिन इसके खिलाफ आवाज उठाने में डरते हैं।
क्या कहना है निवर्तमान पार्षद का
वार्ड संख्या 22 के निवर्तमान पार्षद अनिमेष दास ने कहा कि यह बात सही है कि सीएमओएच कार्यालय के पर वार्ड का कचरा फेंका जाता है, जिसे 1-2 दिन के अंतराल पर कूड़ा गाड़ी में लादकर कर कालीपहाड़ी स्थित डंपिंग स्थल पर फेंक दिया जाता है। इसे डंपिंग स्थल बोलना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि इसके पहले कचरा कल्याणपुर मोड़ स्थित डाॅ. बीसी राय स्टेच्यू के पास फेंका जाता था। डाॅ. बीसी राय के सम्मान में लोगों के विरोध के कारण वहां पर कचरा फेंकना बंद कर बीते करीब 3-4 सालों से सीएमओएच कार्यालय के पास फेंका जा रहा है।
क्या कहना है भाजपा नेता का
कल्याणपुर निवासी सह भाजपा जिला नेता अभिजीत राय ने भी जिला स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के पास कचरा फेंकने का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि अब भाजपा की सरकार है। इस विषय पर सोच-विचार किया जा रहा है। यहां कचरा फेंकना आगे भी गलत था और अब भी गलत है। इसकी वैकल्पिक व्यवस्था करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हवा चलने पर कचरे उड़ कर मुख्य सड़क और सीएमओएच कार्यालय के मुख्य गेट पर चला जाता है, जो ठीक नहीं है।
सीएमओएच ने जताई आपत्ति
पश्चिम बर्दवान जिला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओएच) डाॅ. एसके एमडी युनूस ने कहा कि इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। अगर यहां डंपिंग स्थल बनाया गया है तो वे इसकी जांच करेंगे। इसके बाद इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारी को भेज देगे। स्वास्थ्य कार्यालय के पास गंदगी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।