

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : दुर्गा पूजा को देखते हुए आसनसोल शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आसनसोल साउथ ट्रैफिक गार्ड द्वारा बस्तीन बाजार मोड़ से निगम मोड़ तक अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े कई वाहनों का चालान काटा गया। वहीं कई वाहनों में क्लैंप (व्हील लॉक) लगाया गया। नियमों का उल्लंघन कर खड़े ऑटो को टोइंग वैन से उठाकर हटाया गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध पार्किंग के कारण शहर में जाम की समस्या बढ़ रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने वाहन ड्राइवर से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक प्रभारी चिरंजीव गुहा रॉय ने कहा कि पूजा का दौर शुरू हो गया है। शहर में भीड़ बढ़ेगी, इसलिए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग सड़क किनारे अवैध रूप से पार्किंग करेंगे, उन पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों और वाहन ड्राइवर से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें, ताकि पूजा के दौरान आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।