बर्नपुर के 4 स्कूलों का जिम्मेदारी राज्य सरकार संभालेगी : अग्निमित्रा पॉल

स्कूलों के बच्चों का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित
बर्नपुर के 4 स्कूलों का जिम्मेदारी राज्य सरकार संभालेगी : अग्निमित्रा पॉल
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : आसनसोल दक्षिण के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया! लंबे समय से जिस खबर का हजारों अभिभावकों और बच्चों को बेसब्री से इंतजार था, आखिरकार वो खुशखबरी आ ही गई। बर्नपुर बॉयज और बर्नपुर गर्ल्स के प्राइमरी और सेकेंडरी - कुल 4 स्कूल अब पश्चिम बंगाल सरकार के हाथों में जाने वाले हैं। अब इन स्कूलों के बच्चों का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है! जैसे ही यह खबर सामने आई, पूरे आसनसोल एवं बर्नपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। अभिभावकों के चेहरों पर मुस्कान आ गई, जिनके मन में महीनों से एक ही सवाल घूम रहा था - अब हमारे बच्चों का क्या होगा?

क्या है मामला?

बर्नपुर बॉयज और बर्नपुर गर्ल्स के प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूल को ISP ने चलाने से हाथ खींच लिया था। खबर थी कि स्कूलों को किसी तीसरे पक्ष को सौंप दिया जाएगा। इस खबर ने हजारों परिवारों की नींद उड़ा दी थी। बच्चों की पढ़ाई, उनका भविष्य - सब कुछ अधर में लटक गया था। लेकिन ऐसे मुश्किल वक्त में आगे आईं आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पॉल, उन्होंने मामला सामने आते ही सीधे राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से संपर्क किया। लगातार बातचीत, दबाव,प्रयास और आखिरकार रंग लाया! सरकार के हस्तक्षेप के बाद अब इस मामले में बड़ी प्रगति हो चुकी है। उम्मीद है कि बहुत जल्द ही ये चारों स्कूल आधिकारिक रूप से पश्चिम बंगाल सरकार के अधीन आ जाएंगे और बच्चों की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी सरकार उठाएगी।

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने जताया आभार : मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन और शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव श्री बिनोद का दिल से आभार जताया है। उन्होंने कहा कि आसनसोल के बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना ही हमारी सबसे बड़ी जीत है। यह हम सबके लिए आनंद और नई आशा की खबर है। अब बर्नपुर के बच्चे बिना किसी डर के, बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। आसनसोल एवं बर्नपुर के लिए यह सिर्फ एक खबर नहीं, बल्कि एक नई उम्मीद, एक नई सुबह है!

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News