

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल जिला अस्पताल में स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों ने दौरा कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में कमेटी के सदस्यों का हार्दिक स्वागत किया गया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन, सुपर, डॉक्टरों और अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें अस्पताल की कमियों और जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अस्पताल प्रबंधन की ओर से साफ तौर पर बताया गया कि अस्पताल में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं की कमी है। अस्पताल में न्यूरोलॉजिस्ट नहीं हैं, कार्डियोलॉजिस्ट नहीं हैं। हृदय की जांच के लिए जरूरी इको कार्डियोग्राफी की सुविधा भी अस्पताल में नहीं है। इस वजह से हृदय और नसों से जुड़ी बीमारियों के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों या निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ता है। बैठक में बेड की समस्या को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। बताया गया कि मैटरनिटी वार्ड में बेड की व्यवस्था हो गई है। पीडियाट्रिक वार्ड में भी बेड बढ़ाए गए हैं। लेकिन मेडिसिन और सर्जरी वार्ड में अभी तक बेड नहीं बढ़ाए गए हैं। बैठक में डॉक्टरों और नर्सों की कमी, दवा की उपलब्धता, जांच की सुविधा और वार्डों की साफ-सफाई पर भी बात हुई। कमेटी के सदस्यों ने सभी बातों को नोट किया और आश्वासन दिया कि इन सभी मुद्दों को उच्च स्तर पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आसनसोल जिला अस्पताल पूरे पश्चिम बर्दवान जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, इसलिए यहां की सुविधाओं में सुधार होना बेहद जरूरी है। साथ ही बैठक में जिला अस्पताल के साफ सफाई को लेकर प्रशंसा की गई और कहा गया कि इसको और बेहतर बनाना है। इस मौके पर जमुड़िया विधायक डॉक्टर विजन मुखर्जी, सुपर डॉक्टर तपन विश्वास, स्वास्थ विभाग के अधिकारी सहित जिला अस्पताल के डॉक्टर मौजूद थे।