थाना में लाइसेंसी बंदूकें जमा करने के खास निर्देश

विधानसभा चुनाव को देखते हुये ADPC ने जारी किया निर्देश
थाना में लाइसेंसी बंदूकें जमा करने के खास निर्देश
Published on

आसनसोल : विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। गौरतलब है कि कमिश्नरेट की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि सभी थाना इलाकों के लाइसेंसी हथियार धारकों को अपने हथियार संबंधित पुलिस थाने में जमा कराने होंगे। कमिश्नरेट की ओर से सभी थाना के ओसी एवं आईसी को निर्देश दिया गया है कि वे लाइसेंसी हथियारों को उचित रसीद के साथ जमा लें और चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अधिसूचना जारी होने पर उन्हें वापस कर दें। पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। जारी आदेश के अनुसार सभी लाइसेंसधारी नागरिकों को नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर अपने हथियार संबंधित थाना क्षेत्र में जमा करने होंगे। ये हथियार चुनाव प्रक्रिया पूरी होने और मतगणना समाप्त होने के एक सप्ताह बाद तक पुलिस थानों में सुरक्षित रखे जाएंगे। वहीं कुछ श्रेणियों के लोगों को इस नियम से छूट देने की भी व्यवस्था की गई है। बैंक और वित्तीय संस्थानों में सुरक्षा कार्य में लगे लाइसेंसधारी कर्मचारी और कारखानों की सुरक्षा में तैनात लाइसेंसधारी गार्ड यदि हथियार रखने की आवश्यकता साबित करते हैं तो वे संबंधित थाना क्षेत्र में उचित कारण और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देकर छूट प्राप्त कर सकते हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in