आसनसोल : आसनसोल नगर निगम परिसर में धूम्रपान करते पकड़े जाने पर 100 रुपये जुर्माना देना होगा। इस संबंध में निगम ने एक नोटिस जारी कर दिया है। जारी नोटिस के अनुसार नगर निगम या बोरो कार्यालय व उसके परिसर में धूम्रपान करते हुये पाये जाने पर 100 रुपये का फाइन लगेगा। इससे संबंधित नोटिस भी जगह-जगह लगा दिया गया है। गौरतलब है कि आसनसोल नगर निगम ने निर्देश जारी किया है कि ऑफिस परिसर में धूम्रपान करना सख्त मना है। वहीं जो कोई भी इस निर्देश का उल्लंघन करते हुए पाया जाएगा, उसे मौके पर ही 100 रुपये जुर्माना देना होगा। इस संबंध में आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि निगम में यह नियम पहले भी चालू था पर अभी कुछ दिनों से इस नियम को और सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि धूम्रपान फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रॉक और फेफड़ों के संक्रमण जैसी जानलेवा बीमारियों का प्रमुख कारण है। यह मुंह और गले के कैंसर, दांतों की समस्याएं, आंखों की रोशनी में कमी जैसे खतरा को भी बढ़ाता है। यह पहल आसनसोल नगर निगम के कर्मचारी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए किया गया है। निगम कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि कोई भी व्यक्ति निगम परिसर व कार्यालय में धूम्रपान करते हुये पाया गया तो उस पर कार्रवाई करते हुये 100 रुपये फाइन लगेगा, चाहे वो कोई भी व्यक्ति क्यों न हो। निगम के इस निर्देश की चर्चा निगम परिसर में जमकर होने लगी है।

