शिव चर्चा समाज को एकजुट करने का सशक्त माध्यम : जितेंद्र तिवारी

शिव चर्चा समाज को एकजुट करने का सशक्त माध्यम : जितेंद्र तिवारी
Published on

पांडवेश्वर: पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के छोरा 7/9 इलाके में आयोजित भव्य शिव चर्चा कार्यक्रम में नवनिर्वाचित भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी शामिल हुए। विधायक के आगमन पर स्थानीय निवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान किया। भजनों और कीर्तनों से पूरा छोरा इलाका शिव भक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि शिव चर्चा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारा बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने आयोजकों को सचेत करते हुए कहा, "धार्मिक अनुष्ठान के आयोजन में ऐसे लोगों से सहयोग बिल्कुल न लें जो अवैध गतिविधियों में लिप्त हों। पाप की कमाई से भक्ति नहीं होती। कार्यक्रम को छोटे आकार में करना हो तो करें, लेकिन पाप की कमाई को भक्ति में शामिल न करें।"

सत्ता के उतार-चढ़ाव पर साझा किए अनुभव

विधायक ने वर्ष 2016 से लेकर अब तक के अपने राजनीतिक अनुभवों को जनता के बीच साझा किया। उन्होंने कहा कि वे 2016 - 2021 कार्यकाल में इस क्षेत्र के विधायक रहे, फिर 2021 से 2026 कार्यकाल में वे विधायक नहीं थे और अब जनता के आशीर्वाद से एक बार फिर इस क्षेत्र के विधायक बने हैं। उन्होंने कहा,"पावर में रहना, पावर से दूर हो जाना और फिर पावर में आना - इस दौरान मैंने जो कुछ समझा और अनुभव किया है, उसे देखते हुए इतना ही कहूंगा कि अन्याय और अत्याचार से दूर रहें। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में सहयोग करें।" उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र के भौतिक विकास के साथ-साथ हमारे सामाजिक और धार्मिक मूल्यों को मजबूत करना बेहद जरूरी है। समाज तभी आगे बढ़ेगा जब हम अपनी संस्कृति से जुड़े रहेंगे।

स्थानीय लोगों ने बताईं समस्याएं, विधायक ने दिया आश्वासन

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने जितेंद्र तिवारी के दोबारा विधायक बनने पर खुशी जाहिर की। साथ ही क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने सभी समस्याओं को ध्यान से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा नेता संजय यादव, भाजपा युवा मोर्चा के जिला सचिव रविंद्र यादव, सूरज चौहान, अहसान शेख सहित गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in