खांद्रा में भयावह भू-धंसान, 80 घर हुए क्षतिग्रस्त

इलाकेवासियों में दहशत का माहौल
मौके पर पहुंचे एरिया महाप्रबंधक आरकेपी सिंह
मौके पर पहुंचे एरिया महाप्रबंधक आरकेपी सिंह
Published on

अंडाल : अंडाल के खांद्रा ग्राम पंचायत व ईसीएल के बंकोला क्षेत्र अंतर्गत खांद्रा नाग काजोड़ा कोलियरी इलाके में मंगलवार को अचानक हुए भू-धंसान से भारी तबाही मची है। घटना के वक्त मकानों की दीवारों से प्लास्टर गिरने लगा और फर्श धंसने लगे, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा। बताया जा रहा है कि नीलकंठ मंदिर के समीप स्थित वर्कशॉप कॉलोनी, धोबी पाड़ा और चार नंबर क्षेत्र में हुए इस हादसे से लगभग 80 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनमें से करीब 20 मकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी (अंडाल डिवीजन) दीप कुमार दास व अन्य पुलिस अधिकारी, बंकोला क्षेत्र के महाप्रबंधक आरकेपी सिंह और स्थानीय विधायक पार्थ घोष तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रभावित परिवारों को एहतियात के तौर पर पास के स्कूलों में शिफ्ट किया गया है। प्रशासन और ईसीएल प्रबंधन पीड़ितों को भोजन और जरूरी राहत सामग्री मुहैया कराने के साथ-साथ नुकसान का जायजा ले रही हैं।

भूकंप जैसे झटके से सहमे लोग, दर्जनों परिवारों ने छोड़े घर

स्थानीय निवासियों के अनुसार, धंसान के समय ऐसा लगा जैसे जोरदार भूकंप आया हो। दहशत के मारे लोग अपने मासूम बच्चों के साथ बदहवास होकर घरों से बाहर निकल आए। दीवारों और फर्श पर पड़ी चौड़ी दरारों को देख किसी बड़े हादसे की आशंका से सहमे दर्जनों परिवारों ने तुरंत अपने मकान खाली कर दिए और खुले आसमान के नीचे शरण ली। पीड़ित विकास पासवान ने कहा, "धंसान में हमारा पूरा घर धंस गया। दीवारों में इतनी चौड़ी दरारें आ गई हैं कि अंदर रुकना जानलेवा होगा। हम किसी तरह छोटे-छोटे बच्चों को लेकर बाहर भागे। ईसीएल और पंचायत प्रशासन से हमारी गुहार है कि हमें तुरंत सुरक्षित स्थान और स्थायी पुनर्वास दिया जाए।"

जांच और पुनर्वास की मांग, सेफ्टी टीम करेगी सर्वे

विधायक पार्थो घोष ने कहा, "इस पूरी घटना की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही बेघर हुए सभी प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पुनर्वासित किया जाए।" महाप्रबंधक आरकेपी सिंह ने बताया, "जिस जगह यह घटना घटी है, वहां खदान के नीचे वर्ष 1984 में 'केविंग पैनल' चला था। बारिश के कारण संभवतः उस स्थान पर नीचे केविंग सेटल होने से यह घटना हुई है। ईसीएल मुख्यालय से सेफ्टी टीम बुलाई गई है जो जल्द ही जांच शुरू करेगी।"

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in