निरीक्षण के दौरान दुर्गापुर के कई होटलों में मिली व्यापक सुरक्षा खामियां

दमकल विभाग ने कई होटलों को थमाया नोटिस
होटलों में जांच करती पुलिस व फायर ब्रिगेड के अधिकारी
होटलों में जांच करती पुलिस व फायर ब्रिगेड के अधिकारी
Published on

दुर्गापुर : कोलकाता और तारापीठ में हाल में हुए भीषण अग्निकांडों में हुई मौतों के बाद दुर्गापुर के होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसे देखते हुए गुरुवार सुबह से दमकल विभाग ने बेनाचिति इलाके के कई होटलों में अभियान चलाकर अग्नि सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। वहीं जांच के दौरान कई होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर कमियां सामने आने का दावा किया गया। कहीं पर्याप्त अग्निशमन उपकरण नहीं मिले, तो कहीं आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था नहीं है। कुछ होटलों में फायर स्प्रिंकलर नहीं मिले और कई अग्निशमन यंत्रों की वैधता अवधि भी समाप्त पाई गई है। वहीं कुछ जगहों पर अग्निशमन के लिए जरूरी पाइप लाइन की व्यवस्था नहीं होने की बात भी सामने आई। वहीं कुछ होटलों तक दमकल की गाड़ी पहुंचने के लिए पर्याप्त रास्ता भी नहीं मिला। जांच के बाद दमकल विभाग ने कई होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया। उनसे अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने का कारण पूछा गया और जल्द आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। दुर्गापुर दमकल विभाग के प्रभारी मनोज कुमार दास ने बताया कि कई होटलों में आवश्यक अग्निशमन सामग्री उपलब्ध नहीं थी। होटल मालिकों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी गई है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित होटल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दमकल विभाग की इस कार्रवाई के बाद होटल प्रबंधन में भी हलचल तेज हो गई है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में अन्य होटलों में भी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच और कड़ी की जा सकती है। अचानक अभियान चलाने से होटल मालिकों में हड़कंप मच गया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in