

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : सेल के इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) बर्नपुर में काम करने वाले हजारों ठेका कर्मचारियों के लिए एक राहत और एक झटके वाली खबर सामने आई है। ठेका कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन तो बढ़ा दिया गया है, लेकिन अब उन्हें मिलने वाला एडिशनल वेलफेयर अलाउंस नहीं मिलेगा। इस फैसले से ठेका श्रमिकों में भारी नाराजगी है। गौरतलब है कि करीब 3300 रुपये प्रतिमाह एडिशनल वेलफेयर अलाउंस दिया जाता था, जिसे अब आईएसपी प्रबंधन ने इस भत्ते को बंद करने का फैसला लिया है ।
श्रमिकों में बना चर्चा का विषय: बर्नपुर आईएसपी में काम करने वाले ठेका श्रमिकों का इस विषय को लेकर काफी चर्चा है और आक्रोश है। उनका कहना है कि महंगाई के इस दौर में पहले से ही घर चलाना मुश्किल हो रहा है। ऊपर से भत्ता बंद होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। श्रमिकों ने मांग की है कि न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी के साथ-साथ एडिशनल वेलफेयर अलाउंस भी जारी रखा जाए।
क्या कहना है BMS का : बीएमएस नेता महेश बनर्जी का कहना है कि वेतन बढ़ने की खुशी तब तक अधूरी है, जब तक एडिशनल वेलफेयर अलाउंस जारी नहीं रहता। वेतन में हुई बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा भत्ता बंद होने से ही खत्म हो जाएगा। इससे कर्मचारियों को वास्तव में कोई खास आर्थिक लाभ नहीं मिलेगा। बीएमएस का कहना है कि प्रबंधन एक हाथ से दे रहा है और दूसरे हाथ से छीन रहा है। महंगाई के इस दौर में ठेका कर्मचारी को घर चलाना मुश्किल हो रहा है। ऊपर से भत्ता बंद होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी के साथ-साथ एडिशनल वेलफेयर अलाउंस के लिए आंदोलन जारी रहेगा। बीएमएस ने कहा कि अगर भत्ता बहाल नहीं किया गया तो श्रमिक संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
क्या कहना है इंटक का : सेल-आईएसपी में ठेका कर्मचारियों के एडिशनल वेलफेयर अलाउंस काटे जाने पर इंटक ने कड़ा विरोध जताया है। इंटक बर्नपुर के महासचिव बिप्लब माजी ने कहा कि एक तरफ न्यूनतम वेतन लागू करना और दूसरी तरफ 3300 रुपये का भत्ता काटना कहीं से उचित नहीं है। श्रमिकों को उनका पूरा हक और पूरी सैलरी मिलनी चाहिए। इंटक ने कहा कि श्रमिकों के हित के लिए संगठन शुरू से लड़ता रहा है और आगे भी लड़ेगा।