डिजिटल एडॉप्शन में प्रथम स्थान मिलना कोई छोटी बात नहीं : मंत्री

स्ट्रीट वेंडर्स ने सबसे अधिक संख्या में UPI, QR कोड और डिजिटल पेमेंट को है अपनाया
पुरस्कार ग्रहण करती मंत्री अग्निमित्रा पॉल
पुरस्कार ग्रहण करती मंत्री अग्निमित्रा पॉल
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड 2026 में पश्चिम बंगाल ने एक नहीं, बल्कि दो-दो राष्ट्रीय सम्मान जीतकर पूरे राज्य का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। डिजिटल एडॉप्शन में पश्चिम बंगाल ने देश में प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं लोन वितरण में तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। गौरतलब है कि यह भव्य सम्मान समारोह नई दिल्ली स्थित डॉबीआर अंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया। देशभर से आए राज्यों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों, बैंक कर्मियों और लाभार्थियों के बीच जब पश्चिम बंगाल के नाम की घोषणा हुई, तो पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। इस गर्व के क्षण को साझा करते शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि राज्य के मेहनती स्ट्रीट वेंडर्स, बैंक अधिकारियों, नगर निगम कर्मियों और योजना से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। पश्चिम बंगाल की इस दोहरी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सही नीति, सच्ची नीयत और जनता की भागीदारी से छोटे से छोटा व्यक्ति भी डिजिटल भारत का हिस्सा बन सकता है। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा साहित अन्य गण्यमान लोग उपस्थित थे।

क्या है पीएम स्वनिधि योजना: प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi) योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत रेहड़ी-पटरी वालों, छोटे दुकानदारों, फल-सब्जी विक्रेताओं, चाय ठेला चलाने वालों और स्ट्रीट वेंडर्स को बिना किसी गारंटी के आसान किस्तों में लोन दिया जाता है, ताकि वे अपना कारोबार बढ़ा सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। पहले चरण में 10,000 रुपये, दूसरे चरण में 20,000 रुपये और तीसरे चरण में 50,000 रुपये तक का लोन दिया जाता है। समय पर लोन चुकाने वालों को ब्याज पर सब्सिडी और डिजिटल लेनदेन करने पर कैशबैक का भी लाभ मिलता है। डिजिटल में नंबर वन कैसे बना बंगाल डिजिटल एडॉप्शन में प्रथम स्थान मिलना कोई छोटी बात नहीं है। इसका मतलब है कि पश्चिम बंगाल के स्ट्रीट वेंडर्स ने सबसे अधिक संख्या में UPI, QR कोड और डिजिटल पेमेंट को अपनाया है। कभी कैश पर निर्भर रहने वाले छोटे दुकानदार आज स्मार्टफोन से पेमेंट ले रहे हैं। इससे न केवल उनका हिसाब-किताब पारदर्शी हुआ है, बल्कि उन्हें बैंक से आगे का लोन लेने में भी आसानी हो रही है। लोन वितरण में भी अव्वल लोन वितरण में तृतीय स्थान यह दर्शाता है कि राज्य में पात्र वेंडर्स तक योजना का लाभ तेजी से पहुंचा है। नगर निगमों, बैंकों और स्वयंसेवी संगठनों के समन्वय से हजारों वेंडर्स को समय पर लोन मिला, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया।

आसनसोल- दुर्गापुर में खुशी की लहर

इस उपलब्धि की खबर मिलते ही दुर्गापुर, आसनसोल, बर्नपुर सहित पूरे पश्चिम बंगाल में खुशी का माहौल है। स्थानीय वेंडर्स का कहना है कि इस योजना ने उन्हें साहूकारों के चंगुल से मुक्ति दिलाई है। अब वे सम्मान के साथ अपना व्यापार कर रहे हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News