

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा को ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (DRUCC), ईस्टर्न रेलवे, आसनसोल डिवीजन का सदस्य मनोनीत किया गया है। उनका कार्यकाल 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 तक रहेगा। इस मनोनयन की सूचना मिलते ही आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों और पूरे आसनसोल अंचल के व्यवसायियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बता दें कि शंभू झा हमेशा से व्यवसायियों की समस्याओं, अधिकारों और हितों को लेकर मुखर रहे हैं। वे विभिन्न सरकारी विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष व्यवसायियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। रेलवे की इस महत्वपूर्ण समिति में उनके मनोनयन से आसनसोल के व्यवसायियों के साथ-साथ आम जनता को भी काफी उम्मीदें हैं। लोगों को आशा है कि शंभू झा रेलवे से जुड़ी समस्याओं को प्रभावी ढंग से समिति के सामने रखेंगे और यात्रियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर रेलवे सुविधाएं दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही आसनसोल एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां व्यापार, उद्योग और जनसुविधाओं के विकास में रेलवे की भूमिका बेहद अहम है। ऐसे में DRUCC सदस्य के रूप में उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे यात्री सुविधाओं में सुधार, व्यापारिक जरूरतों, माल परिवहन और रेलवे से जुड़ी स्थानीय समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए सार्थक पहल करेंगे।