

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : हीरापुर थाना क्षेत्र के केराडीही गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। गांव के 18 वर्षीय युवक राहुल हांसदा मदनडीही दामोदर नदी घाट में नहाते समय डूब गया। घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार, राहुल हांसदा 19 नवंबर को करीब शाम 4:50 बजे नेहरू पार्क के पीछे स्थित मदनडीही घाट पर दामोदर नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत तलाश शुरू की। पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम की ओर से भी युवक की खोजबीन जारी है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। परिवार में मातम का माहौल है। परिजन घाट पर टकटकी लगाए अपने बेटे के मिलने की उम्मीद में बैठे हैं। पूरे गांव में शोक और चिंता की लहर फैल गई है।
मंत्री ने हर संभव मदद का दिलाया भरोसा : वहीं आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने केराडीही गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बात कर उन्हें सांत्वाना और इस कठिन समय में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। आगे कहा कि इस कठिन घड़ी में परिवार के साथ खड़ा रहना और उनकी जरूरत के अनुसार सहयोग करना हमारा मानवीय कर्तव्य है। उन्होंने प्रशासन से भी युवक की जल्द तलाश के लिए हर संभव प्रयास करने की बात कही। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही राहुल का पता चल जाएगा।