

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत संस्था हमारा संकल्प – शिक्षा में सहयोग ने सरकारी स्कूलों के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जोड़ने के लिए अपने नए अभियान स्कूल कनेक्ट की शुरुआत की है। अभियान के पहले चरण में बर्नपुर आदर्श विद्यालय (बालक) और रामबांध आदर्श विद्यालय (बालिका) को इस कार्यक्रम से जोड़ा गया है। दोनों विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा संवादात्मक कक्षाएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कक्षा के दौरान प्रश्नोत्तर और चर्चा के माध्यम से छात्रों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। संस्था के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाला ने कहा कि यह पहल सरकारी विद्यालयों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी और संस्था जल्द ही और अधिक सरकारी विद्यालयों को इस अभियान से जोड़ेगी। वहीं संस्था के संस्थापक अजय सिंह ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के कई विद्यार्थियों में अंग्रेजी और गणित को लेकर झिझक और सामान्य ज्ञान में कमी देखी जाती है। हमारा उद्देश्य सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं है, बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास पैदा करना, उन्हें देश-दुनिया की जानकारी से जोड़ना और भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इस अभियान के लिए गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और पाठ्यक्रम तैयार करने की जिम्मेदारी प्रसिद्ध अंग्रेजी शिक्षक इंदु भूषण झा के नेतृत्व वाली सिलेबस टीम को दी गई है। जबकि परियोजना के समन्वय की जिम्मेदारी देबजानी सरकार और मोहम्मद शहबाज को दी गई है।